लखनऊ: अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास जी की तबीयत अचानक बिगड़ गई है. संक्रमण के कारण उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. वरिष्ठ संत की सेहत को लेकर चिंता जताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार महंत जी को संक्रमण से जुड़ी स्वास्थ्य मुश्किलों के चलते अस्पताल ले जाया गया. फिलहाल उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है. यह इस साल उनकी दूसरी अस्पताल भर्ती है. इससे पहले जनवरी में भी उनकी तबीयत खराब होने पर उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया था. तब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं अस्पताल पहुंचे थे और महंत जी से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना था.उन्होंने डॉक्टरों से भी उनकी स्वास्थ्य रिपोर्ट के बारे में विस्तार से चर्चा की थी.
महंत नृत्य गोपाल दास जी की उम्र करीब 86 वर्ष है. पिछले कई वर्षों से उनकी सेहत को लेकर चिंता बनी हुई है. वर्ष 2022 में अप्रैल महीने में उन्हें यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन की शिकायत पर मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया था. उस समय उन्हें किडनी इंफेक्शन और क्रॉनिक रीनल फेलियर भी पाया गया था. इसके अलावा कोविड-19 संक्रमण के दौरान भी उन्हें कई दिनों तक चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया था.
कौन हैं महंत नृत्य गोपाल दास?
महंत नृत्य गोपाल दास जी का जन्म 11 जून 1938 को मथुरा में हुआ था. वे अयोध्या की प्रसिद्ध मणि राम दास की छावनी के पीठाधीश्वर हैं. राम जन्मभूमि आंदोलन से वे लंबे समय से जुड़े हुए हैं. वर्ष 1993 में विश्व हिंदू परिषद द्वारा बनाए गए राम जन्मभूमि न्यास के वे प्रमुख हैं. बाद में उन्हें श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का अध्यक्ष बनाया गया.
राम मंदिर निर्माण की दिशा में महंत जी का योगदान महत्वपूर्ण रहा है. वर्ष 2001 में उन पर और उनके शिष्यों पर बम से हमला किया गया था, जिसमें वे बाल-बाल बचे थे. वर्ष 2003 में उन्हें राम जन्मभूमि न्यास का प्रमुख बनाया गया.