'अगले चुनाव में जनता सपा को हमेशा के लिए...', सीएम योगी का अखिलेश पर बड़ा हमला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा और अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने गरीबों की अनदेखी, परिवारवाद और पिछली सरकारों की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अगले चुनाव में सपा के सफाए का दावा किया.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी और उसके प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने दावा किया कि अगले विधानसभा चुनाव में जनता सपा को हमेशा के लिए खत्म कर देगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों में गरीबों के हितों को प्राथमिकता नहीं मिली, जबकि उनकी सरकार सामाजिक सुरक्षा और विकास पर लगातार काम कर रही है.
‘गरीब कभी सपा के एजेंडे में नहीं रहे’
मिड-डे मील रसोइयों के सम्मान समारोह और कैशलेस स्वास्थ्य कार्ड वितरण कार्यक्रम में योगी ने रसोइयों के मानदेय में बढ़ोतरी समेत कई घोषणाएं कीं. दुर्घटना की स्थिति में 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज और साड़ी के लिए मिलने वाली राशि को 500 से बढ़ाकर 1,000 रुपये करने की बात कही. उन्होंने कहा कि ये फैसले पहले भी लिए जा सकते थे, लेकिन पिछली सरकारों के एजेंडे में गरीब शामिल नहीं थे.
अखिलेश पर परिवारवाद को लेकर तंज
अखिलेश यादव के हालिया बयान का जिक्र करते हुए योगी ने उन्हें ‘बबुआ’ कहकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि परिवार के कई सदस्यों के सांसद होने से पार्टी मजबूत होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन जनता अगले विधानसभा चुनाव में सपा का स्थायी सफाया कर देगी.
Also Read
कानून-व्यवस्था और विकास पर गिनाईं उपलब्धियां
योगी ने पिछली सरकारों पर गरीबों की जमीन कब्जाने, महिलाओं की सुरक्षा से समझौता करने और प्रदेश में दंगों का माहौल बनाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में दंगे और कर्फ्यू खत्म हुए हैं और विकास के लिए बेहतर माहौल बना है.
स्कूलों के कायाकल्प का भी जिक्र
मुख्यमंत्री ने ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ का हवाला देते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों में 19 मानक तय कर सुविधाएं विकसित की जा रही हैं. उन्होंने दावा किया कि 2017 से पहले कई सरकारी स्कूल बदहाल नजर आते थे, जबकि अब उनमें लगातार सुधार किया जा रहा है.