menu-icon
India Daily

एक्सप्रेसवे पर पुलिस की गाड़ी से टकराई वैन और खुल गया 15 करोड़ के सोने की तस्करी का राज

कन्नौज में पुलिस वैन से टकराने के बाद संदिग्ध कार की तलाशी ने सोने की तस्करी का बड़ा खुलासा किया. पुलिस ने 10 किलो सोना और दो आरोपियों को पकड़ा है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
एक्सप्रेसवे पर पुलिस की गाड़ी से टकराई वैन और खुल गया 15 करोड़ के सोने की तस्करी का राज
Courtesy: X

उत्तर प्रदेश के कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रूटीन गश्त के दौरान पुलिस की गाड़ी से एक ब्रेजा कार टकरा गई. हादसे के बाद कार चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे रोक लिया. तलाशी में कार से 24 कैरेट सोने के 10 बड़े बिस्कुट बरामद हुए. इनका कुल वजन करीब 10 किलो और अनुमानित कीमत 15 करोड़ 39 लाख रुपये बताई गई है.

नेपाल से दिल्ली पहुंचाया जाना था सोना

पुलिस के मुताबिक, बरामद सोना नेपाल के रास्ते तस्करी कर दिल्ली ले जाया जा रहा था. मामले में नेपाल के पालपा जिले के सरोज पंत और महराजगंज निवासी संदीप जायसवाल को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्हें गोरखपुर के एक होटल से सोने की खेप मिलती थी, जिसे दिल्ली पहुंचाना होता था. हालांकि, वहां यह सोना किसे सौंपना है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं दी जाती थी.

कस्टम और GST विभाग भी जांच में शामिल

कार्रवाई की सूचना कस्टम और GST विभाग को दी गई है. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर पूरे तस्करी नेटवर्क और इसके पीछे जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है.

बरामदगी को लेकर अखिलेश के आरोप

सोने की बरामदगी पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए है. उन्होंने दावा किया कि कार से 26 सोने के बिस्कुट मिले थे, जबकि पुलिस ने सिर्फ 10 दिखाए.

हालांकि कन्नौज पुलिस ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि केवल 10 बिस्कुट बरामद हुए और पूरी कार्रवाई GST टीम की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के साथ नियमानुसार की गई.