यूपी में दहेज के लिए एक और जिंदगी खत्म, पीड़िता के परिजनों ने ससुरालियों पर लगाया हत्या का आरोप
पीड़िता के परिवार ने दावा किया कि उनकी बेटी ने कई बार उनसे कथित शोषण की शिकायत की थी जिसके बाद वे कई बार समझौता कराने उसके ससुराल गए.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की एक 24 वर्षीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रविवार सआदतगंज स्थित अपने ससुराल में फांसी से लटकी हुई पाई गई. मात्र 6 महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी. मृतका के परिजनों ने उसके ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है. लखनऊ पुलिस ने पीड़िता के पति, जो खुद एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर है और जिसके इंस्टाग्राम पर 7.5 लाख फॉलोअर हैं, और उसके घरवालों के खिलाफ केस दर्ज किया है.
पुलिस ने अपने बयान में कहा कि महिला की शादी 9 दिसंबर 2025 को लखनऊ के सआदतगंज निवासी से हुई थी. उसके परिवार ने आरोप लगाया कि शादी के बाद उसके पति और परिवार के अन्य लोगों ने अतिरिक्त दहेज के लिए उसको लगातार प्रताड़ित किया, वे एक कार की भी मांग कर रहे थे. मृतका के परिवारजनों ने कहा कि उन्होंने बेटी की शादी के दौरान 7 लाख और घर का अन्य सामान उपहार के तौर पर दिया था.
बेटी ने बार-बार शिकायत की
पीड़िता के परिवार ने दावा किया कि उनकी बेटी ने कई बार उनसे कथित शोषण की शिकायत की थी जिसके बाद वे कई बार समझौता कराने उसके ससुराल गए. पीड़िता की पिता ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायज में दावा किया है कि दहेज की मांगें पूरी न होने पर उनकी भतीजी को उनके ससुरालियों ने मार डाला. शिकायतकर्ताओं ने कहा कि बेटी के ससुराल वाले कार के साथ साथ दहेज की भी मांग कर रहे थे जब उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो 30.5.2026 को उन्होंने उसे मार डाला. शिकायतकर्ताओं ने अपनी शिकायत में पीड़िता के ससुर, देवर, नंद और बुआ को आरोपी बनाया है.
जांच जारी
पुलिस ने बताया कि उन्होंने घटनास्थल का दौरा किया और मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शव का पंचनामा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) जितेंद्र कुमार दुबे की उपस्थिति में हुआ. ADSP दुबे ने कहा, 'शिकायत के आधार पर सादतगंज पुलिस ने दहेज निषेध अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.' अधिकारियों ने कहा कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं और छापेमारी जारी है. उन्होंने कहा कि साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.