12 साल का रिश्ता टूटा, पत्नी प्रेमी संग चली गई; अब पति को मिल रही जान से मारने की धमकी
12 साल पहले हुई शादी के बाद पत्नी के कथित तौर पर प्रेमी के साथ चले जाने का मामला सामने आया है. पति का आरोप है कि बरामद होने के बाद पत्नी ने उसके साथ रहने से इनकार कर दिया.
12 साल पुराने वैवाहिक रिश्ते से जुड़ा एक मामला इन दिनों चर्चा में है. पति ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी कथित प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई. इतना ही नहीं, बरामद होने के बाद उसने पति के साथ रहने से भी इनकार कर दिया. अब पति ने आरोप लगाया है कि उस पर लगातार तलाक लेने का दबाव बनाया जा रहा है और विरोध करने पर जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं. पीड़ित की शिकायत पर पहले कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया. इसके बाद मामला अदालत पहुंचा, जहां से आदेश मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अब पूरे मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
2013 में हुई थी शादी, पति ने लगाए गंभीर आरोप
भदईपुरा निवासी धनीराम ने कोर्ट में दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2013 में रामपुर के मिलक क्षेत्र निवासी स्वाती से हुई थी. शादी के बाद दोनों भदईपुरा में रहने लगे. पति का आरोप है कि पत्नी ने वैवाहिक जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं किया और अपनी इच्छा के अनुसार जीवन बिताती रही. इसी कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होते रहे.
इंस्टाग्राम पर बातचीत को लेकर बढ़ा विवाद
पति के मुताबिक, पत्नी देर रात उसके सो जाने के बाद इंस्टाग्राम पर एक पुरुष मित्र से चैटिंग और वीडियो कॉल करती थी. जब उसने इसका विरोध किया तो पत्नी ने अभद्र व्यवहार किया. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि पत्नी का मैनपुरी निवासी गौरव यादव से लगातार संपर्क था. विरोध करने पर पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट भी की.
Also Read
नकदी, जेवर और बेटे को साथ ले जाने का आरोप
धनीराम ने आरोप लगाया कि 25 सितंबर 2025 को उसके काम पर जाने के बाद पत्नी घर से करीब 20 हजार रुपये की नकदी, जेवरात और अपने बेटे को लेकर कथित प्रेमी के साथ चली गई. इसके बाद उसने तत्काल थाना रुद्रपुर में गुमशुदगी की सूचना दी और बाद में लिखित तहरीर भी सौंपी. पुलिस ने बाद में महिला को बरामद किया.
बरामदगी के बाद पति के साथ रहने से किया इनकार
शिकायत के अनुसार, बरामद होने के बाद महिला ने पति के साथ रहने से इनकार कर दिया और कहा कि वह गौरव यादव के साथ ही रहेगी. इसके बाद वह उसके साथ मैनपुरी चली गई. पति का आरोप है कि इसके बाद पत्नी, उसके कथित प्रेमी और ससुराल पक्ष के लोग लगातार तलाक देने का दबाव बना रहे हैं.
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मामला
पीड़ित ने आरोप लगाया कि तलाक से इनकार करने पर उसे हत्या कराने की धमकी भी दी जा रही है. उसने अपनी सुरक्षा की मांग करते हुए पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई. इसके बाद अदालत का दरवाजा खटखटाया गया. कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है.