भतीजे के प्यार में पागल महिला ने पति को दी तालिबानी मौत, 3 घंटे तक करंट और जहर देकर तड़पाया
मुरादाबाद के मझोला में एक महिला ने अपने प्रेमी भतीजे, बहन और उसके बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक कलयुगी पत्नी ने पहले तो चाची-भतीजे के रिश्ते को कलंकित किया और फिर अपने इस अवैध संबंध को बदस्तूर जारी रखने की मंशा से पति को तड़पा-तड़पाकर मार डाला। पुलिस ने इस घटना का खुलासा करते हुए आरोपी महिला सहित 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
दरअसल, यह पूरा मामला मझोला थाना क्षेत्र के ढक्का इलाके का है. पड़ोसियों के अनुसार, रात के समय घर के भीतर कुछ अजीब हलचल जरूर महसूस हुई थी, लेकिन सुबह अचानक यह खबर फैला दी गई कि पवन ने जहर खाकर सीढ़ियों से गिरकर अपनी जान दे दी है. मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले, जिससे मामला पूरी तरह संदिग्ध लगा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आते ही खुदकुशी की यह झूठी कहानी पूरी तरह पलट गई.
भतीजे के प्यार में महिला बनी हैवान
मृतक पवन की शादी छह साल पहले आंचल नाम की युवती से हुई थी और दोनों की एक तीन साल की बेटी भी है. जांच में यह सच सामने आया कि आंचल का अपने ही रिश्ते के भतीजे अंकित के साथ प्रेम संबंध शुरू हो गया था. पवन को जब इस अवैध रिश्ते की भनक लगी, तो घर में आए दिन विवाद और मारपीट होने लगी. अपने प्यार के बीच से पति को हमेशा के लिए हटाने के लिए आंचल ने एक खौफनाक साजिश रची.
तड़पा-तड़पा कर पति को उतारा मौत के घाट
पुलिस के अनुसार, यह कोई आवेश में आकर की गई हत्या नहीं थी बल्कि सोची-समझी प्लानिंग थी. वारदात की रात आरोपियों ने पहले पवन को बंधक बनाया और जब उसने विरोध किया तो उसे रस्सियों से बांधकर बेरहमी से पीटा गया. इसके बाद उसे बिजली के नंगे तारों से करंट के भयंकर झटके दिए गए. करीब तीन घंटे तक तड़पाने के बाद उसे दोबारा जबरन जहर पिलाया गया. मौत होने के बाद शव को सीढ़ियों से नीचे फेंक दिया गया.
साले और साली का मिला साथ
इस निर्मम हत्याकांड में आंचल की सगी बहन शिखा और उसका बॉयफ्रेंड अजय भी पूरी तरह शामिल थे. वारदात से चार दिन पहले ही शिखा अपनी बहन के घर आकर रहने लगी थी, जहां चारों ने मिलकर इस मर्डर की पूरी पटकथा लिखी थी. पवन को अपनी जान का खतरा पहले से ही था, क्योंकि तीन महीने पहले उसने अपनी बहन को फोन कर घर में किसी बड़ी अनहोनी की आशंका जताई थी, जिसे परिवार समझ नहीं पाया.
SSP सतपाल का बड़ा खुलासा
मुरादाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सतपाल ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मझोला पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल कॉल डिटेल्स और संदिग्धों के बदलते बयानों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ की. पुलिस ने मुख्य आरोपी पत्नी आंचल, प्रेमी अंकित, साली शिखा और अजय को गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना के बाद तीन साल की मासूम बच्ची का भविष्य पूरी तरह अंधकार में डूब गया है, जिसके पिता की मौत हो गई और मां जेल जा चुकी है.
और पढ़ें
- गंगा दशहरा पर बदायूं में बड़ा हादसा हुआ, गंगा में डूबने से 5 की मौत; किशोरी लापता
- राहुल गांधी की ‘गद्दार’ वाली टिप्पणी पर कोर्ट में वाद दायर, भाजपा नेता शकील अहमद बोले- FIR दर्ज कर तलब किया जाए
- 'मैं रहूं या न रहूं....', तबीयत खराब होने के बीच प्रेमानंद महाराज ने भक्तों को दिया भावुक संदेश, सामने आया वीडियो