Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026

अयोध्या रेप केस के आरोपी के साथ सपा सांसद की तस्वीर पर मचा बवाल? अवधेश प्रसाद बोले- 'लाखों लोग खिंचवाते हैं फोटो...'

Ayodhya Crime News: अयोध्या में 12 साल की बच्ची के साथ हुई रेप की घटना से पूरा प्रदेश दहल उठा है. बच्ची को इंसाफ दिलाने के लिए मांग उठ रही है. सपा नेता मोइन खान पर आरोप है कि उसने अपने नौकर के साथ मिलकर बच्ची का रेप किया है.पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार भी कर लिया है. सपा नेता मोइन खान की सपा सांसद अवधेश प्रसाद के साथ तस्वीर भी वायरल हो रही है. इन तस्वीरों पर उन्होंने कहा कि लाखों लोग उनके साथ फोटो खिंचवाते हैं.

Social Media
India Daily Live

Ayodhya Crime News: अयोध्या में 12 साल की नाबालिग के साथ गैंगरेप मामले में राजनीति भी हो रही है. इस मामले में समाजवादी पार्टी घिरती नजर आ रही है. इस केस को लेकर योगी सरकार फुल एक्शन में है. इस मामले में आरोपी सपा नेता मोइन खान की बेकरी पर प्रशासन का बुलडोजर चल गया है. बेकरी में बुलडोजर चलने के बाद जब प्रशासन बुलडोजर लेकर एक दूसरी बिल्डिंग में पहुंचा तो पता चला कि उस बिल्डिंग में पंजाब नेशनल बैंक चल रही है. प्रशासन ने बैंक को एक हफ्ते का नोटिस दिया है. 65 वर्षीय सपा नेता मोइन अली का नाम आने के बाद से यूपी की राजनीति में आरोप और प्रत्यारोप का दौर चल रहा है.  वहीं, आरोपी के साथ संबंध और तस्वीरों पर फैजाबाद सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि उनके साथ लाखों लोग फोटो और सेल्फी खिंचवाते हैं. ऐसे में हम कैसे कह सकते हैं कि हमने उसके साथ फोटो नहीं खिंचाई होगी. लेकिन यहां पर सवाल फोटो का नहीं बल्कि बच्ची के इंसाफ की बात होनी चाहिए.

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि आरोपियों को DNA टेस्ट कराया जाए और इंसाफ किया जाए. लेकिन अगर डीएनए टेस्ट के बाद आरोप गलत साबित होते हैं तो अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए. अखिलेश यादव के इस बयान पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने पलटवार करते हुए कहा कि सपा सरकार में कितने डीएनए टेस्ट हुए थे.

"बेहद  दर्दनाक और शर्मनाक"

फैजाबाद सांसद अवधेश प्रसाद ने इस मामले पर कहा कि यह घटना बहुत दर्दनाक और शर्मनाक है. इस घटना में शामिल सभी लोगों की बारीकी से जांच कर सच्चाई का पता लगाया जाए और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए.

मोइन खान के साथ तस्वीर पर क्या बोले अवधेश प्रसाद

अवधेश प्रसाद ने कहा- "हमारी पार्टी पूरी मजबूती के साथ पीड़िता के साथ है. हालांकि, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि बीजेपी इस दुखद घटना पर राजनीति कर रही है. ऐसे लोगों से मैं अनुरोध करता हूं कि ये समय राजनीति करने का नहीं. निर्दोषों को फंसाने की बजाए डीएनए टेस्ट कराया जाए. सरकार को पीड़िता की मदद करनी चाहिए. परिवार का आर्थिक सहायता देना चाहिए. मैंने कभी ऐसे लोगों को अपने पास नहीं आने दिया है जो अपराध करते हैं, जिनका नाता अपराध से रहा है. और नहीं मैंने इस तरह के लोगों से कभी मदद मांगी और ली है."

अवधेश प्रसाद ने आरोपी मोइन खाने के साथ उनकी तस्वीरों पर कहा -  "हर नेता के साथ लोग तस्वीर खिंचाते हैं. लाखों लोग मेरे साथ तस्वीर खिचा चुके हैं. दिल्ली में मेरे साथ 500 लोग डेली तस्वीर लेते हैं. ये राजनीतिक मुद्दा नहीं है. इस मुद्दे पर BJP को राजनीति नहीं करनी चाहिए"

क्या है पूरी घटना?

अयोध्या के पूरा कलंदर थाना क्षेत्र में 12 साल की बच्ची के साथ गैंगरेप की घटना तब सामने आई जब 29 जुलाई को पता चला कि बच्ची 2 महीने की गर्भवती है.  शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्ची की मां से मुलाकात की थी. उन्होंने पूरे घटनाक्रम को समझा. सीएम योगी और बच्ची की मां की मुलाकात के 5 घंटे बाद ही कलंदर थाना प्रभारी रतन शर्मा और चौकी इंचार्ज भदरसा अखिलेश गुप्ता को सस्पेंड कर दिया गया है.

12 साल की बच्ची का अयोध्या के महिला अस्पताल में इलाज चल रहा है. इस मामले में पुलिस ने  सपा नगर अध्यक्ष मोइन खान और उसके नौकर राजू को गिरफ्तार किया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार लगभग ढाई महीने पहले पीड़िता खेत से मजदूरी करके लौट रही थी तभी रास्ते में राजू ने उसे कहा कि बेकरी मालिक मोइन खान उसे बुला रहे हैं. बच्ची को बेकरी ले जाया गया. आरोप हैं कि मोइन खान ने बच्ची के साथ रेप किया जबकि राजू ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाया. इसके बाद राजू ने भी बच्ची के साथ दुष्कर्म किया. दोनों पर आरोप है कि इसी वीडियो के दम पर दोनों ने 12 साल की मासूम के साथ कई बार रेप किया. 

सीएम बोले - ऐसे अपराधियों को गोली नहीं मारी जाएगा तो क्या माला पहनाया जाएगा  

गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में इस घटना का जिक्र करते हुए कहा कि अयोध्या में 12 साल की बच्ची से रेप हुआ. आरोपी सपा पार्टी का नेता है. उन्होंने कहा कि सपा ने अब तक एक्शन नहीं लिया है. अगर ऐसे अपराधियों को गोली नहीं मारी जाएगा तो क्या उनको माला पहनाई जाएगी.      

मायावती बोली सपा सरकार में कितने आरोपियों का हुआ DNA टेस्ट

इस घटना को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा- "कुकृत्य के मामले में जिन पर भी आरोप लगा है उनका DNA TEST कराकर इंसाफ़ का रास्ता निकाला जाए न कि केवल आरोप लगाकर सियासत की जाए. जो भी दोषी हो उसे कानून के हिसाब से पूरी सजा दी जाए, लेकिन अगर DNA TEST के बाद आरोप झूठे साबित हों तो सरकार के संलिप्त अधिकारियों को भी न बख्शा जाए. यही न्याय की मांग है."

इस घटना की पूरे प्रदेश में चर्चा हो रही है. बच्ची की मां ने सीएम योगी से मुलाकात करने के बाद कहा कि उन्होंने सीएम से कहा कि आरोपियों को फांसी की सजा मिले.