'वो चाहते हैं कि हम सरकार के खिलाफ गोमाता...', यौन शोषण के मामले में FIR पर क्या बोले शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ?
बता दें कि जगद्गुरु रामभद्राचार्य के शिष्य आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के शिविर में बच्चों के यौन शोषण का आरोप लगाया है.
प्रयागराज की पॉक्सो कोर्ट ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ नाबालिग बच्चों के यौन शोषण के मामले में FIR दर्ज करने के आदेश दिए हैं. जगद्गुरु रामभद्राचार्य के शिष्य आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने कोर्ट में 2 बच्चों को पेश करके यह आरोप लगाए हैं.
कोर्ट ने प्रयागराज पुलिस कमिश्नर की जांच रिपोर्ट के बाद शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद, उनके शिष्य मुकुंदानंद और 2-3 अज्ञात पर केस दर्ज करने के आदेश दिए. बता दें कि कोर्ट में कैमरे के सामने बच्चों के बयान दर्ज हुए थे.
आरोपों पर क्या बोले शंकराचार्य
कोर्ट के फैसले पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि यौन शोषण का केस फर्जी साबित होगा. उन्होंने कहा कि यह बनाया हुआ मामला है. वह (आशुतोष महाराज) रामभद्राचार्य का एक चेला है, हिस्ट्रीशीटर है, उसने पहले भी लोगों पर झूठे केस किए हैं, वह लोगों को धमकाता है, और पैसों की उगाही करता है.
उन्होंने आगे कहा कि रामभद्राचार्य से हम लोगों का वाकयुद्ध चलता रहता है. यह तो सभी लोग जानते ही हैं. उन्होंने हमारे ऊपर अपने चेले को आगे करके फर्जी मुकदमा करवाया है. वो चाहते हैं कि सरकार के खिलाफ गोमाता की रक्षा की आवाज हम नहीं उठाएं. इसलिए हमारे ऊपर यह सब हो रहा है.
हम सहयोग करेंगे
शंकराचार्य ने कहा कि न्यायालय का एक प्रोसिजर है, हम उसका सहयोग करेंगे और इसके बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा. उन्होंने कहा कि हमें पछतावा तब होता जब हम इस तरह के होते. हम ऐसे हैं ही नहीं. हम चाहते हैं कि जल्दी से जल्दी जांच हो जाएं. पुलिस सरकार के अंडर में ही काम करती है. शंकराचार्य ने कहा कि जब सीएम योगी सदन में खड़े होकर हमारे खिलाफ बोलते हैं तो वो इसलिए नहीं बोलते कि उनको बोलना है. वह पुलिस को मैसेज देते हैं कि ये करना है. शीश महल के आरोपों पर उन्होंने कहा कि यह खुला मठ है, यहां 100-200 लोग रहते हैं हर कोई आता जाता रहता है.
8 फरवरी को कोर्ट में हुई थी शंकराचार्य के खिलाफ शिकायत
बता दें कि जगद्गुरु रामभद्राचार्य के शिष्य आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के शिविर में बच्चों के यौन शोषण का आरोप लगाया है. उन्होंने 8 फरवरी को प्रयागराज की स्पेशल पॉक्सो कोर्ट में शिकायत दर्ज की थी जिसमें उन्होंने कहा था कि गुरुकुल की आड़ में वह बाल उत्पीड़न करते हैं.