menu-icon
India Daily

UP Weather: यूपी में बारिश और लू का डबल अटैक, इन 15 जिलों में तूफान का अलर्ट

यूपी के 15 जिलों में तेज बारिश, आंधी और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है. चलिए जानते हैं आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
UP Weather: यूपी में बारिश और लू का डबल अटैक, इन 15 जिलों में तूफान का अलर्ट
Courtesy: Pinterest (Representative image)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. एक तरफ राज्य के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और तूफान की चेतावनी जारी की गई है, तो दूसरी ओर पश्चिमी और मध्य यूपी के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का असर बना रहेगा. ऐसे में लोगों को एक ही समय में मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिलेंगे.

भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी के अनुसार प्रदेश के 15 जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.

किन जिलों में जारी किया गया है अलर्ट?

जिन जिलों में बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया गया है उनमें सोनभद्र, चंदौली, मिर्जापुर, वाराणसी, आजमगढ़, बलिया, मऊ, प्रयागराज, जौनपुर, अयोध्या, अमेठी, रायबरेली, फतेहपुर, बांदा और सिद्धार्थनगर शामिल हैं. इन क्षेत्रों में बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, टिन शेड उड़ने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने जैसी घटनाएं भी हो सकती हैं.

वहीं दूसरी ओर सहारनपुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बरेली, कानपुर, लखीमपुर खीरी और हरदोई समेत कई जिलों में लू और भीषण गर्मी का असर बना रहेगा. सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग ने दोपहर के समय बिना जरूरत घर से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है.

मौसम वैज्ञानिकों का क्या है मानना?

इस बीच मानसून की रफ्तार अभी भी धीमी बनी हुई है. केरल में इस सीजन के दौरान सामान्य से 33 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है. सबसे ज्यादा कमी वायनाड जिले में दर्ज हुई है, जहां सामान्य से 64 प्रतिशत कम वर्षा हुई है. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि आने वाले दिनों में मानसून सक्रिय होने पर देश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है.

Topics