नोएडा: नोएडा प्राधिकरण को लंबे इंतजार के बाद नया प्रशासनिक भवन मिलने जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 27 जून को सेक्टर-96 स्थित इस भवन का लोकार्पण करेंगे. करीब 390 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह आधुनिक इमारत अब पूरी तरह तैयार हो चुकी है.
यह नया भवन नोएडा प्राधिकरण के सभी विभागों को एक छत के नीचे लाएगा. इससे कामकाज में तेजी आएगी और लोगों को सुविधा मिलेगी. भवन का निर्माण साल 2016 में शुरू हुआ था, लेकिन कई कारणों से इसमें काफी देरी हुई. अब यह भवन पूरी तरह तैयार है और जल्द ही यहां से सभी कार्य संचालित होने लगेंगे.
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार इस भवन पर कुल 390 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं. इसमें 299 करोड़ रुपये सिविल निर्माण पर और करीब 90 करोड़ रुपये विद्युत एवं अन्य सुविधाओं पर लगाए गए. भवन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया गया है, जिसमें बेहतर कार्यालय स्पेस, सुरक्षा व्यवस्था और सुविधाजनक पहुंच शामिल है.
निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं हो सका. पहले वाली कंपनी को 2022 में ब्लैकलिस्ट कर दिया गया था. कोविड-19 महामारी के दौरान वर्ष 2020-21 में मजदूरों के पलायन से काम बुरी तरह प्रभावित हुआ.
इन समस्याओं के चलते परियोजना की समयसीमा लगातार बढ़ती गई. इन बाधाओं को दूर करने के लिए प्राधिकरण ने नया रास्ता अपनाया. 27 मई 2022 को शेष काम रिस्क एंड कॉस्ट के आधार पर एसटी कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को सौंपा गया. आईआईटी दिल्ली की रिपोर्ट के आधार पर भवन की रेट्रोफिटिंग (मजबूती) का काम भी कराया गया. कंपनी ने पूरी लगन से काम पूरा किया और अब भवन तैयार है.