वृंदावन आश्रम के मीटर बॉक्स में आग लगने से मची अफरा-तफरी! धुएं में फंसे श्रद्धालुओं ने खिड़कियां तोड़कर बचाई जान

वृंदावन के भक्तमाल कुंज आश्रम में मीटर बॉक्स में आग लगने से धुआं पूरे भवन में फैल गया. फंसे श्रद्धालुओं ने खिड़कियां तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की. समय पर राहत अभियान शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया.

social media
Kuldeep Sharma

वृंदावन के परिक्रमा मार्ग स्थित भक्तमाल कुंज आश्रम में गुरुवार दोपहर आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया. बिजली के मीटर बॉक्स में लगी आग के बाद पूरा भवन धुएं से भर गया. मौके पर पहुंची पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की मदद से श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया.

धुएं से घिरे श्रद्धालुओं ने तोड़ी खिड़कियां

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब डेढ़ बजे आश्रम के ग्राउंड फ्लोर पर लगे बिजली के मीटर बॉक्स में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी. कुछ ही समय में धुआं ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गया और वहां ठहरे श्रद्धालु कमरों में फंस गए. मुख्य रास्ता धुएं से भर जाने के कारण कई लोगों ने बाहर निकलने के लिए कमरों की खिड़कियां तोड़ दीं. घटना के दौरान आश्रम में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया.

स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं. स्थानीय दुकानदारों ने भी बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की. करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. राहत की बात यह रही कि समय पर बचाव अभियान शुरू होने से किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं मिली.


आश्रम संचालन और सुरक्षा व्यवस्था की जांच शुरू

घटना के बाद प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आश्रम का उपयोग कथित तौर पर गेस्ट हाउस की तरह किया जा रहा था, जहां श्रद्धालुओं को किराये पर कमरे दिए जाते थे. अधिकारियों को भवन में पर्याप्त अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था नहीं मिली. पुलिस और फायर विभाग अब आग लगने के कारणों के साथ-साथ सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच कर रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही साबित होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.