ग्रेटर नोएडा में बनेगा उत्तर प्रदेश का पहला इलेक्ट्रॉनिक पार्क, 27 जून को CM योगी करेंगे शिलान्यास

उत्तर प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग को नई ऊंचाई देने के लिए ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-10 में राज्य का पहला 'इलेक्ट्रॉनिक पार्क' स्थापित किया जाएगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार 27 जून को इस परियोजना का शिलान्यास करेंगे.

Pinterest
Antima Pal

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग को नई ऊंचाई देने के लिए ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-10 में राज्य का पहला 'इलेक्ट्रॉनिक पार्क' स्थापित किया जाएगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार 27 जून को इस परियोजना का शिलान्यास करेंगे. इस पार्क में 4,500 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश होगा, जो क्षेत्र के विकास के लिए बड़ा कदम साबित होगा.

मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे. इस मौके पर एक बड़ी जनसभा का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें करीब 5,000 लोगों के जुटने की उम्मीद है. प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. पंडाल लगाने, मंच बनाने और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है.

दो बड़ी कंपनियां करेंगी निवेश

इस इलेक्ट्रॉनिक पार्क में दो प्रमुख कंपनियां- 'एसेंट सर्किट्स' और 'अंबर एंटरप्राइजेज' — अपना प्लांट लगाएंगी. दोनों कंपनियां प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCB) का निर्माण करेंगी. PCB इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है. यह निवेश न सिर्फ इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र को मजबूत करेगा बल्कि 'आत्मनिर्भर भारत' के लक्ष्य को भी पूरा करने में मदद करेगा.


रोजगार और आर्थिक विकास

इस परियोजना से स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा. इलेक्ट्रॉनिक्स पार्क के शुरू होने से आसपास की आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी. दुकानें, ट्रांसपोर्ट और छोटे उद्योगों को भी लाभ पहुंचेगा. ग्रेटर नोएडा का सेक्टर-10 अब प्रदेश के औद्योगिक मानचित्र पर चमकने वाला केंद्र बन जाएगा.

यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में हो रहा यह विकास नोएडा-ग्रेटर नोएडा को इलेक्ट्रॉनिक्स हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है. सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश में हाई-टेक इंडस्ट्री बढ़े और युवा बिना पलायन किए स्थानीय स्तर पर ही अच्छी नौकरियां पा सकें.