डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का अखिलेश पर तीखा पलटवार, बोले- जिसके पास खुद का विवेक नहीं, शास्त्र उसका क्या भला करेंगे?

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सपा प्रमुख पर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर तीखा हमला बोला. उन्होंने मेडिकल कॉलेजों, आयुष्मान कार्ड, अस्पताल सुविधाओं और पिछली सरकार के घोटालों का उल्लेख करते हुए भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं.

X
Ashutosh Rai

उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बयानबाजी एक बार फिर तेज हो गई है. उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव किए हैं. वहीं पिछली सरकार के कार्यकाल में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई थी. अखिलेश यादव की घेराबंदी करते हुए ब्रजेश पाठक ने एक्स पर लिखा-“यस्य नास्ति स्वयं प्रज्ञा, शास्त्रं तस्य करोति किं.

शास्त्रों के श्लोक से शुरू हुआ राजनीतिक हमला

ब्रजेश पाठक ने अपने बयान की शुरुआत संस्कृत के एक श्लोक से की और कहा कि ज्ञान और विवेक के बिना तथ्यों को समझना संभव नहीं है. इसके बाद उन्होंने सीधे सपा प्रमुख पर हमला बोलते हुए कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में जो परिवर्तन आज दिखाई दे रहे हैं, वे योजनाबद्ध विकास का परिणाम हैं. उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है. इसका लाभ गांवों और दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंच रहा है. उन्होंने कहा कि जनता विकास और व्यवस्था में आए बदलाव को स्वयं देख रही है.


मेडिकल कॉलेज का विस्तार

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1947 से 2017 तक प्रदेश में कुल 40 मेडिकल कॉलेज थे. वहीं पिछले नौ वर्षों में 41 नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए. उनके अनुसार अब उत्तर प्रदेश में कुल 81 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं. उन्होंने बताया कि एमबीबीएस सीटों की संख्या लगभग 4500 से बढ़कर 12500 तक पहुंच गई है. राज्य के अस्पतालों में प्रतिदिन हजारों ऑपरेशन और लाखों मरीजों की ओपीडी हो रही है. डायलेसिस, सीटी स्कैन, डिजिटल एक्स-रे और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता भी बढ़ी है.

आयुष्मान योजना और डिजिटल स्वास्थ्य पर जोर

ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है. उन्होंने बताया कि 5.5 करोड़ से अधिक आयुष्मान भारत कार्ड और 15.3 करोड़ से अधिक ABHA खाते बनाए जा चुके हैं. टेलीमेडिसिन और मोबाइल मेडिकल यूनिट्स के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं. उनका कहना था कि इससे गरीब और जरूरतमंद लोगों को समय पर इलाज मिल रहा है और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच पहले की तुलना में कहीं अधिक व्यापक हुई है.

पुरानी सरकार पर घोटालों के आरोप

उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी सरकार के कार्यकाल में हुए घोटालों का भी उल्लेख किया. उन्होंने 102 और 108 एम्बुलेंस योजना में अनियमितताओं, भर्ती प्रक्रियाओं में गड़बड़ी और स्वास्थ्य परियोजनाओं से जुड़े मामलों का जिक्र किया. उन्होंने दावा किया कि उस समय ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति कमजोर थी और डॉक्टरों की भारी कमी थी.