'संगम का पानी पीने लायक', CM योगी आदित्यनाथ ने फेकल बैक्टीरिया रिपोर्ट को किया खारिज
सीएम योगी की यह टिप्पणी केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की एक रिपोर्ट को लेकर उठे विवाद के बीच आई है, जिसमें प्रयागराज में गंगा में 'फेकल कोलीफॉर्म' बैक्टीरिया का खतरनाक स्तर पाया गया है.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ के दौरान प्रयागराज में पानी की क्वालिटी को लेकर विपक्षी दलों द्वारा फैलाए गए प्रचार का विरोध किया. उन्होंने कहा कि यहां का पानी पवित्र स्नान और आचमन के लिए बेहतर है. सीएम ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने जानबूझकर गलत जानकारी फैलायी है कि यहां के पानी में नहाना असुरक्षित है.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह बयान केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की रिपोर्ट के बाद आया है, जिसमें प्रयागराज में गंगा नदी में 'फीकल कोलीफार्म' बैक्टीरिया के उच्च स्तर का जिक्र था.
महाकुंभ में अब तक 56.25 करोड़ श्रद्धालुओं ने किया पवित्र स्नान
उत्तर प्रदेश विधानसभा में बोलते हुए, योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब तक 56.25 करोड़ श्रद्धालुओं ने महाकुंभ के दौरान प्रयागराज में पवित्र स्नान किया है. उन्होंने बताया कि कई प्रमुख हस्तियों ने गंगा में स्नान करने के बाद व्यवस्था की सराहना की. मुख्यमंत्री ने कहा, "जब हम बिना किसी आधार के सनातन धर्म, माँ गंगा, भारत या महाकुंभ के खिलाफ झूठे वीडियो और आरोप लगाते हैं, तो यह 56 करोड़ लोगों की आस्था से खेलने जैसा है.
गंगा के पानी में सुधार, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट
सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार (19 फरवरी) को उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (UPPCB) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि गंगा के पानी में बायोलॉजिकल ऑक्सीजन डिमांड (BOD) स्तर 3 मिलीग्राम/लीटर से कम था. जबकि, घुलित ऑक्सीजन (DO) का स्तर 5 मिलीग्राम/लीटर से बढ़कर लगभग 9 मिलीग्राम/लीटर हो गया है. यह गंगा के पानी की गुणवत्ता में सुधार को दर्शाता है.
विपक्ष के आरोपों का जवाब
योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों पर भी हमला बोला, जो महाकुंभ को बदनाम करने की कोशिश कर रहे थे. उन्होंने कहा, "समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने पूछा कि महाकुंभ पर पैसे खर्च करने की क्या जरूरत थी. लालू यादव ने कुंभ को 'फालतू' कहा.. समाजवादी पार्टी के एक अन्य सहयोगी ने इसे 'मृत्यु कुंभ' करार दिया. अगर सनातन धर्म से जुड़े आयोजनों का आयोजन अपराध है, तो हमारी सरकार यह अपराध करती रहेगी.
ममता बनर्जी का आरोप
दरअसल, बीते मंगलवार (18 फरवरी) को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने महाकुंभ के दौरान हुए भगदड़ को लेकर यूपी सरकार पर निशाना साधा था. उस दौरान उन्होंने इसे 'मृत्यु कुंभ' करार दिया था.