यूपी के डेढ़ लाख युवाओं को मिलेगी मुफ्त AI ट्रेनिंग, रोजगार से जोड़ने के लिए सरकार और आईबीएम का बड़ा कदम

उत्तर प्रदेश सरकार ने कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे करीब डेढ़ लाख युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. आईबीएम स्किल फाउंडेशन के साथ हुए समझौते के तहत युवाओं को मुफ्त प्रोफेशनल एआई प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उनके रोजगार के अवसर बढ़ेंगे.

ANI
Shanu Sharma

उत्तर प्रदेश में युवाओं को भविष्य की तकनीकों के अनुरूप तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है. राज्य सरकार ने कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे करीब डेढ़ लाख युवाओं को मुफ्त प्रोफेशनल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रशिक्षण देने का निर्णय लिया है.

इस पहल का उद्देश्य युवाओं को पारंपरिक कौशल के साथ-साथ आधुनिक तकनीकी ज्ञान से लैस कर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है. इस योजना को लागू करने के लिए उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और आईबीएम स्किल फाउंडेशन के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं. 

प्रशिक्षण के साथ रोजगार पर भी रहेगा फोकस

यूपीएसडीएम के मिशन निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि यह पहल युवाओं को रोजगार बाजार की बदलती मांगों के अनुरूप तैयार करने में मदद करेगी. उन्होंने कहा कि आज के दौर में एआई और डिजिटल तकनीकों की समझ रोजगार प्राप्त करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती जा रही है. सरकार केवल प्रशिक्षण तक ही सीमित नहीं रहेगी, बल्कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रयास भी किए जाएंगे.


इसके तहत मेगा जॉब फेयर आयोजित किए जाएंगे और विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों के साथ प्लेसमेंट ड्राइव चलाई जाएगी. प्रशिक्षण अवधि के दौरान ही रोजगार सहभागिता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे युवाओं को उद्योग जगत की कार्यप्रणाली, रोजगार बाजार की जरूरतों और करियर के विभिन्न विकल्पों की जानकारी मिल सके. इससे प्रशिक्षण और रोजगार के बीच की दूरी कम करने में मदद मिलेगी.

इंटरव्यू और पेशेवर कौशल पर विशेष जोर

रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए प्रतिभागियों को इंटरव्यू की तैयारी भी कराई जाएगी. करियर वर्कशॉप के माध्यम से संचार कौशल, पेशेवर व्यवहार, आत्मविश्वास और कार्यस्थल की अपेक्षाओं से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा. विशेषज्ञों का मानना है कि तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास और संवाद कौशल भी नौकरी हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम को व्यावहारिक स्वरूप दिया गया है. इस पहल के तहत राजधानी स्थित यूपीएसडीएम मुख्यालय में एआई फॉर पब्लिक सर्विस एंड गुड गवर्नेंस विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला में अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशासनिक कार्यों तथा जनसेवाओं में एआई के उपयोग की संभावनाओं से अवगत कराया गया.