फर्जी IAS बनकर रचाई शादी, ठगे 30 लाख; दुल्हन को बेचने की फिराक में था आरोपी
गोरखपुर में एक युवक ने आईएएस अफसर बनकर शादी रचाई. दुल्हन के पिता ने शादी पर करीब 30 लाख रुपये खर्च किए. आरोप है कि शादी के बाद दुल्हन को बेचने की साजिश रची गई.
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शादी खुशियों की जगह आपराधिक साजिश में बदल गई. आरोपी दूल्हे ने खुद को आईएएस अधिकारी बताकर दुल्हन के परिवार को ठगा. शादी के बाद दुल्हन के परिवार को पता चला कि उनकी बेटी को बेचने की योजना बनाई जा रही थी. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है.
आईएएस बनकर ठगा
गोरखपुर निवासी शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी प्रीतम कुमार निषाद ने खुद को मणिकपुर में तैनात आईएएस अधिकारी बताया. उसने अपने ऑफिस की तस्वीरें और नेताओं के साथ वीडियो दिखाकर परिवार का भरोसा जीत लिया. परिवार ने कहा कि शादी टूटने के डर से उन्होंने उसके दावों की पड़ताल नहीं की.
तीस लाख की ठगी और दहेज का खेल
आरोपी ने पहले दहेज न लेने का वादा किया, लेकिन बाद में शादी के खर्च के नाम पर 15 लाख रुपये की मांग कर डाली. परिवार ने 10 लाख नकद और सगाई के दिन 5 लाख रुपये दे दिए. तिलक समारोह में प्रीतम ने विदेश पोस्टिंग का बहाना बनाकर घर का सामान वापस लौटाने की बात कही.
विदाई के बाद खुला राज
11 मार्च 2026 को शादी के बाद अगले ही दिन दुल्हन ने अपने पिता को फोन कर आपबीती सुनाई. उसने बताया कि रास्ते भर उसके साथ छेड़छाड़ की गई. पिता जब ससुराल पहुंचे तो बेटी एक छोटे से कमरे में बंद थी. परिवार को देखते ही प्रीतम और उसकी बहन मौके से फरार हो गए.
दुल्हन को बेचने की फिराक में था आरोपी
पीड़िता ने पिता को बताया कि प्रीतम और उसके परिवार वाले उसे बेचने की फिराक में थे. स्थानीय लोगों से पता चला कि प्रीतम ने पहले भी फर्जी पहचान बनाकर दो शादियां की थीं. एसएसपी कौस्तुभ ने मामले की जांच की बात कहते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है.