UP Weather: यूपी में फिर एक्टिव होगा मानसून, कई जिलों में गरज चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटे के दौरान मानसून फिर सक्रिय होने जा रहा है. शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश, गरज चमक और वज्रपात की संभावना है. पश्चिमी जिलों और तराई क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश का अनुमान है.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई थी, जिससे लोगों को तेज धूप और उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा था.
अब मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान मौसम में बड़े बदलाव की संभावना जताई है. विभाग के अनुसार शनिवार से विशेष रूप से पूर्वी उत्तर प्रदेश में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो सकता है. कई स्थानों पर गरज चमक, वज्रपात और भारी बारिश होने की संभावना भी व्यक्त की गई है.
मौसम विभाग और क्या बताया?
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मानसून ट्रफ के कारण प्रदेश में बारिश की गतिविधियां फिर तेज होंगी. शुक्रवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है, जबकि शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की जा सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है.
Also Read
किस जिले में हुई कितनी वर्षा?
गुरुवार को भी प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. लखीमपुर खीरी में सबसे अधिक 62.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा महराजगंज में 32 मिमी, बाराबंकी में 28 मिमी, आगरा में 22.6 मिमी, शाहजहांपुर में 20.4 मिमी, जौनपुर में 20 मिमी, सिद्धार्थनगर में 16.4 मिमी, रायबरेली में 13.6 मिमी, सीतापुर में 11.8 मिमी और संभल में 11 मिमी बारिश हुई. इस बारिश से कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस से राहत मिली.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने बताया है कि शुक्रवार और शनिवार को गोरखपुर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, कुशीनगर, आजमगढ़, चंदौली, गाजीपुर, बलिया, सोनभद्र, देवरिया, कानपुर, बस्ती और अयोध्या सहित कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है. वहीं गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, आगरा, अलीगढ़, मथुरा, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.
किन जिलों में जारी किया गया है अलर्ट?
तराई क्षेत्र के श्रावस्ती, बलरामपुर, सीतापुर, गोंडा और लखीमपुर खीरी जैसे जिलों के लिए भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बारिश के दौरान 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कई स्थानों पर वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं.