UP Weather Today: लखनऊ में झमाझम बारिश से बदला मौसम, जानिए आज और कल कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम

आज 22 अगस्त को लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट है. शुक्रवार को लखनऊ में 58.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई. मौसम विभाग के अनुसार शनिवार और रविवार को भी बारिश के आसार हैं और प्रदेश में 25 अगस्त तक रुक रुककर बारिश जारी रह सकती है.

X
Babli Rautela

उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है. राजधानी लखनऊ में तेज धूप और उमस के बाद शुक्रवार शाम अचानक मौसम बदला और झमाझम बारिश शुरू हो गई. करीब तीन घंटे तक हुई बारिश से शहर के लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 25 अगस्त तक रुक रुककर बारिश का दौर जारी रह सकता है. लखनऊ समेत कई इलाकों में आने वाले दिनों में बारिश की संभावना बनी हुई है. शनिवार और रविवार को भी राजधानी में बादलों की आवाजाही और बारिश के आसार हैं. ऐसे में लोगों को एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.

लखनऊ समेत 20 जिलों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार और रविवार को सुबह के समय आसमान कुछ हद तक साफ रह सकता है. इसके बाद दोपहर में बादल छाने और शाम के समय बारिश होने की संभावना है. उत्तर प्रदेश के करीब 20 जिलों में छिटपुट बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 22 से 24 अगस्त के बीच कई जगहों पर बारिश की संभावना जताई गई है. लखनऊ में भी आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौजूदा पूर्वानुमान में 25 अगस्त तक बारिश की संभावना बनी हुई है.

मध्य प्रदेश के ऊपर बना सिस्टम बारिश की वजह

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार उत्तर प्रदेश में मौसम में बदलाव के पीछे मध्य प्रदेश के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र और प्रदेश से गुजर रही मानसून ट्रफ लाइन प्रमुख कारण हैं. इन मौसम प्रणालियों की वजह से उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बादल सक्रिय हो रहे हैं और अलग अलग इलाकों में बारिश देखने को मिल रही है. आने वाले दिनों में भी इनका असर बना रहने की संभावना है.


लखनऊ में बारिश से पहले दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया. इसके बाद शाम को मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई. शहर में 58.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. शुक्रवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा. बारिश के बाद तापमान में राहत महसूस की गई और लोगों को उमस से भी कुछ राहत मिली. प्रदेश के करीब 35 जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया.