मुंबई: गोविंदा और सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार चर्चाएं चल रही हैं. तलाक की अर्जी, रिश्ते में खटास और एक दूसरी एक्ट्रेस को लेकर लगाए गए आरोपों के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में है. अब गोविंदा की भतीजी और कृष्णा अभिषेक की बहन आरती सिंह ने इस पूरे विवाद पर अपना रिएक्शन सोशल मीडिया पर साझा किया है. हाल ही में पैपराजी से बातचीत के दौरान आरती से गोविंदा और सुनीता के रिश्ते को लेकर सवाल किया गया. हालांकि, एक्ट्रेस ने इस मामले पर कोई सार्वजनिक टिप्पणी करने से साफ इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि वह अपने से बड़ों के निजी मामलों में दखल देना नहीं चाहतीं.
आरती सिंह ने कहा कि वह अपने से बड़ों के बीच चल रहे मामले पर सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं बोलेंगी. उनके मुताबिक, यह परिवार का निजी मामला है और उन्हें लगता है कि ऐसे विषयों पर बाहर बात करना सही नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग इस विवाद से फुटेज हासिल करना चाहते हैं, वे ऐसा कर सकते हैं, लेकिन वह ऐसा नहीं करेंगी. आरती के मुताबिक, वह इस परिवार का हिस्सा हैं और इसलिए इस मुद्दे पर सार्वजनिक बयान देने के बजाय परिवार के साथ बातचीत करना ज्यादा सही समझती हैं.
जब आरती से पूछा गया कि इस पूरे विवाद को लेकर वह व्यक्तिगत तौर पर क्या महसूस करती हैं, तो उन्होंने कहा कि अपनी भावनाओं को सार्वजनिक करने के बजाय वह अपने परिवार के सदस्यों से बात करना पसंद करेंगी. उन्होंने बताया कि वह रात में कृष्णा अभिषेक से फोन पर बात करेंगी. इसके अलावा वह टीना आहूजा, यश, सुनीता आहूजा और अपनी मां से भी अपनी भावनाएं साझा करेंगी. आरती ने साफ कहा कि उनकी जो भी व्यक्तिगत भावना है, वह अपने परिवार को बताना पसंद करेंगी. दुनिया के सामने अपनी निजी भावनाओं को रखने की उन्हें जरूरत महसूस नहीं होती.
गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादी और उनके रिश्ते को लेकर लंबे समय से तरह तरह की खबरें सामने आती रही हैं. हालिया विवाद उस समय तेज हुआ जब सुनीता द्वारा करीब दो साल पहले तलाक की अर्जी दाखिल किए जाने की खबरें सामने आईं. इसके बाद दोनों के रिश्ते में तनाव को लेकर लगातार चर्चा होने लगी. सुनीता की ओर से गोविंदा पर उनकी फिल्म रूपा की को स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ रिश्ते को लेकर आरोप लगाए जाने की खबरों ने भी मामले को और चर्चा में ला दिया. गोविंदा की ओर से भी इन बातों पर प्रतिक्रिया सामने आई और दोनों के रिश्ते को लेकर मीडिया में चर्चा तेज हो गई.