UP Weather: यूपी में फिर सक्रिय हुआ मानसून, लखनऊ समेत 45 जिलों में आज झमाझम बारिश का अलर्ट; तराई में बिजली गिरने की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है. सोमवार को लखनऊ सहित करीब 45 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. तराई और पूर्वी जिलों में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में व्यापक बारिश की संभावना जताई है. सोमवार को राजधानी लखनऊ सहित करीब 45 जिलों में बारिश होने का अनुमान है. तराई और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के साथ गरज चमक और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण पूर्वी राजस्थान पर बना निम्न दबाव क्षेत्र धीरे धीरे कमजोर होकर उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है. इसके प्रभाव से मानसूनी द्रोणी उत्तर की ओर खिसक रही है, जिससे गंगा के मैदानी इलाकों में मानसून का असर फिर मजबूत होने लगा है. इसी कारण पूरे सप्ताह प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है.
मौसम वैज्ञानिक ने क्या बताया?
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि इस सप्ताह उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. हालांकि अगस्त महीने का औसत तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है. बारिश के कारण लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
Also Read
- UP Skill Mission की बड़ी कार्रवाई: 500 से ज्यादा ट्रेनिंग पार्टनर तीन साल के लिए प्रतिबंधित, लक्ष्य पूरा न करने पर गिरी गाज
- योगी सरकार की बड़ी पहल: 12वीं के बाद भी नहीं रुकेगी अनाथ बच्चों की पढ़ाई, 23 साल तक हर महीने मिलेंगे 2,500
- काशी जाने वालों के लिए खुशखबरी, अब हर 20 मिनट पर मिलेगी यूपी रोडवेज की बस
पिछले 24 घंटों के दौरान तराई क्षेत्र में अच्छी बारिश दर्ज की गई. सिद्धार्थनगर जिले के बांसी क्षेत्र में सबसे अधिक 242.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई. मौसम विभाग ने देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है.
अन्य जिलों में कैसी है स्थिति?
इसके अलावा लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर नगर, उन्नाव, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा और संभल सहित कई जिलों में गरज चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. ऐसे में खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है.
कितना था तापमान?
रविवार को धूप निकलने के कारण कई जिलों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई. राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक रहा. वहीं बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा. ऐसे में किसानों, यात्रियों और आम लोगों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है.