बहनों के लिए खुशखबरी, रक्षाबंधन पर 3 दिन फ्री रहेगा UP रोडवेज का सफर, जानें पूरी डिटेल
रक्षाबंधन 2026 पर उत्तर प्रदेश की महिलाओं को रोडवेज बसों में तीन दिन निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी. 27 से 29 अगस्त तक महिलाएं बिना किराया दिए सफर कर सकेंगी.
रक्षाबंधन के मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से बहनों को एक बार फिर बड़ी राहत मिलने जा रही है. उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में महिलाओं को तीन दिनों तक निशुल्क यात्रा की सुविधा देने की तैयारी की गई है. इस सुविधा के तहत महिलाएं 27 अगस्त को अपने भाइयों के घर जाने के लिए रोडवेज बसों में बिना किराया दिए सफर कर सकेंगी. 28 अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जाएगा और 29 अगस्त को महिलाएं निशुल्क यात्रा करते हुए वापस अपने गंतव्य तक लौट सकेंगी. यात्रा के दौरान महिलाओं को शून्य रुपये का टिकट जारी किया जाएगा.
250 अतिरिक्त बसों के बराबर बढ़ेंगे फेरे
रक्षाबंधन के दौरान रोडवेज बस अड्डों पर यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों के मुकाबले काफी बढ़ जाती है. खासकर दिल्ली एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के रूट पर महिलाओं की संख्या अधिक रहती है. इसी को देखते हुए परिवहन निगम ने अतिरिक्त बसों के बराबर फेरे बढ़ाने का फैसला किया है. कौशांबी डिपो से करीब 250 अतिरिक्त बसों के बराबर फेरे बढ़ाए जाएंगे. इन अतिरिक्त फेरों का संचालन 26 अगस्त से 31 अगस्त तक किया जाएगा. इससे त्योहार के दौरान यात्रियों को बसों के लिए ज्यादा देर तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
इन रूटों पर बढ़ेंगे बसों के फेरे
यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए अलग अलग प्रमुख रूट पर अतिरिक्त फेरे निर्धारित किए गए हैं.
Also Read
- लखनऊ रूट पर 30 अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे.
- बरेली रूट पर 40 फेरे बढ़ाए जाएंगे.
- हल्द्वानी रूट पर 10 अतिरिक्त फेरे होंगे.
- बदायूं रूट पर सबसे ज्यादा 70 फेरे बढ़ाए जाएंगे.
- मैनपुरी रूट पर 44 फेरे लगाए जाएंगे.
- कानपुर रूट पर 16 अतिरिक्त फेरे होंगे.
- एटा और अलीगढ़ रूट पर 40 फेरे बढ़ाए जाएंगे.
छह दिन तक ड्राइवर और कंडक्टरों की छुट्टी रद्द
रक्षाबंधन पर बसों के संचालन को सुचारु रखने के लिए परिवहन निगम ने ड्राइवरों और कंडक्टरों की छुट्टियां भी रद्द करने की तैयारी की है. बताया गया है कि करीब छह दिनों तक चालक और परिचालक अवकाश पर नहीं जा सकेंगे. इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान ज्यादा से ज्यादा बसों का संचालन सुनिश्चित करना है. इससे बस अड्डों पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और प्रमुख मार्गों पर परिवहन व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है.
गाजियाबाद के कौशांबी डिपो से रक्षाबंधन के दौरान बड़ी संख्या में महिला यात्री मेरठ, बुलंदशहर, अलीगढ़, हापुड़ और आसपास के शहरों के लिए सफर करती हैं. रक्षाबंधन से एक दिन पहले ही बस अड्डों पर यात्रियों की भीड़ बढ़नी शुरू हो जाती है. त्योहार वाले दिन सुबह से ही बड़ी संख्या में बहनें अपने भाइयों के घर जाने के लिए बसों का सहारा लेती हैं. ऐसे में अतिरिक्त फेरों से यात्रियों को राहत देने की कोशिश की जा रही है.