UP में बारिश के कहर से कई जिलों में मौतें, CM योगी ने दिए 24 घंटे में मुआवजा देने के आदेश
उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाओं ने कई लोगों की जान ले ली. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा देने और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं.
उत्तर प्रदेश में मानसून की तेज बारिश ने कई जिलों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. बारिश, बिजली गिरने और दीवार ढहने जैसी घटनाओं में कई लोगों की मौत हुई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हालात का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तुरंत राहत और मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.
बारिश और बिजली गिरने से कई जिलों में मौतें
प्रदेश के संत कबीर नगर, कुशीनगर, बुलंदशहर, शामली और गाजियाबाद समेत कई जिलों में बारिश से जुड़े हादसों में लोगों की जान गई. संत कबीर नगर में खेत में काम कर रही दो महिलाओं की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई. कुशीनगर में एक किशोर बिजली की चपेट में आ गया, जबकि बुलंदशहर में भारी बारिश के दौरान दीवार गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए. शामली में टिन शेड की दीवार गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गई.
मुख्यमंत्री ने राहत और मुआवजे के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का आकलन करने और मृतकों के परिजनों को 24 घंटे के भीतर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने और प्रभावित परिवारों को हर संभव सरकारी मदद पहुंचाने पर भी जोर दिया.
Also Read
- UP के सरकारी शिक्षकों को CM योगी का बड़ा तोहफा, मिलेगा 5 लाख तक कैशलेस इलाज और 1 करोड़ का दुर्घटना बीमा
- 'क्या जामा मस्जिद में करा सकते हैं हनुमान चालीसा', हनुमानगढ़ी पर नमाज को लेकर सीएम योगी का सपा पर बड़ा हमला
- सुप्रीम कोर्ट का सख्त रुख, लखनऊ नगर आयुक्त तलब, अवैध निर्माण और फायर सेफ्टी पर मांगी रिपोर्ट
मौसम विभाग का अलर्ट, कई शहरों में जलभराव
मौसम विभाग ने 11 जुलाई तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. गाजियाबाद, नोएडा और प्रयागराज में जलभराव, यातायात बाधित होने और सड़क धंसने जैसी घटनाएं सामने आई हैं. गाजियाबाद में खराब मौसम को देखते हुए सभी बोर्डों के स्कूल बंद रखने का आदेश दिया गया है. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है.