यूपी पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी मुहिम, 418 करोड़ के ड्रग्स नष्ट

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की पावन स्मृति में मनाए जाने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आज दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को पुलिस मुख्यालय से अखिल भारतीय मोटरसाइकिल रैली को पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश श्री राजीव कृष्ण ने फ्लैग ऑफ कर रवाना किया.

India Daily 24x7
Shilpa Srivastava

उत्तर प्रदेश: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की पावन स्मृति में मनाए जाने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आज दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को पुलिस मुख्यालय से अखिल भारतीय मोटरसाइकिल रैली को पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश श्री राजीव कृष्ण ने फ्लैग ऑफ कर रवाना किया. Fight Against Drugs थीम पर आयोजित यह रैली नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाने तथा नशामुक्त भारत के राष्ट्रीय संकल्प को सशक्त करने के उद्देश्य से निकाली जा रही है.

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक ने अपने सम्बोधन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के सशक्त एवं अखंड भारत के सपने को साकार करने के लिए युवा पीढ़ी का नशामुक्त होना आवश्यक है. केंद्र सरकार द्वारा संचालित Fight Against Drugs अभियान नशे के विरुद्ध देश की सामूहिक इच्छाशक्ति का प्रतीक है. नशे के विरुद्ध यह लड़ाई उत्तर प्रदेश सरकार की अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है. उत्तर प्रदेश पुलिस इस राष्ट्रीय अभियान में पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ सहभागिता कर रही है.

समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं तक संदेश पहुंचने का उद्देश्य:

रैली का प्रमुख उद्देश्य Fight Against Drugs एवं  SAY NO TO DRUGS का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं तक पहुंचाना है. यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मार्ग में पड़ने वाले विद्यालयों, कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेगी. साथ ही, नशामुक्ति संबंधी सहायता के लिए भारत सरकार की राष्ट्रीय हेल्पलाइन ‘MANAS’ (14446) का प्रचार-प्रसार करते हुए युवाओं एवं नागरिकों को नशामुक्त भारत के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा.


नशे के विरुद्ध जागरूकता के साथ-साथ उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु निरंतर कठोर कार्रवाई की जा रही है. वर्ष 2026 में अब तक प्रदेश में 4,197 अभियोग पंजीकृत कर 36,088 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं तथा 6,076 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. वहीं, ‘ऑपरेशन दहन’ के अंतर्गत 1,72,246 किलोग्राम मादक पदार्थों का निस्तारण किया गया, जिनका अनुमानित मूल्य लगभग ₹418 करोड़ है. मादक पदार्थों के निस्तारण(विनष्टीकरण) में उत्तर प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है.

लगभग ₹80.33 करोड़ की संपत्ति जब्त:

मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68(E) एवं 68(F) के अंतर्गत 96 प्रकरणों में लगभग ₹80.33 करोड़ की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की गई है. इस उपलब्धि के साथ उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्तर पर दूसरे स्थान पर है. वर्ष 2026 में पीआईटी (PIT) एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत 76 प्रकरणों में निरोधात्मक कार्रवाई की गई है. प्रदेश में अब तक 26 कार्टेल ध्वस्त किए जा चुके हैं, जबकि 19 अंतरराज्यीय कार्टेल के विरुद्ध कार्रवाई जारी है. इसके अतिरिक्त, पाँच गुप्त प्रयोगशालाओं को नष्ट किया गया है.

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने अपने गठन के बाद से अब तक 504 अभियोग पंजीकृत कर 45,292 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किए हैं तथा 1,364 तस्करों को गिरफ्तार किया है. बरामद मादक पदार्थों का अनुमानित मूल्य लगभग ₹554 करोड़ है.

राइडर्स विशेष राइडिंग किट से सुसज्जित:

 रैली में उत्तर प्रदेश पुलिस के 5 जांबाज राइडर्स रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिलों पर सवार होकर प्रतिभाग कर रहे हैं. राइडर्स विशेष राइडिंग किट से सुसज्जित हैं. रैली के सुरक्षित, सुचारु एवं निर्बाध संचालन के लिए मोबाइल कमांड कंट्रोल रूम (MCCR) से युक्त स्टाफ मिनी बस, लॉजिस्टिक्स ट्रक तथा प्राथमिक उपचार और आवश्यक दवाओं से सुसज्जित एम्बुलेंस भी साथ चल रही है. 

लखनऊ से प्रारंभ होकर यह रैली इटावा होते हुए आगरा पहुंचेगी. इसके बाद मथुरा एवं गौतमबुद्धनगर होते हुए दिल्ली में प्रवेश करेगी. दिल्ली में राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर आयोजित कार्यक्रमों की तैयारियों के उपरांत 21 अक्टूबर को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) के साथ रैली आगे बढ़ेगी. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रैली जयपुर, अजमेर, उदयपुर एवं गांधीनगर होते हुए 26 अक्टूबर को एकता नगर (केवड़िया), गुजरात पहुंचेगी. 31 अक्टूबर को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस के मुख्य समारोह एवं परेड में रैली के प्रतिभागी ‘राइड पास्ट’ सहित निर्धारित कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे.

पुलिस महानिदेशक ने रैली में शामिल राइडर्स एवं सहयोगी स्टाफ को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वे अपनी अनुशासनबद्धता, सजगता और उत्साह के माध्यम से पूरे देश में उत्तर प्रदेश पुलिस की उत्कृष्ट छवि प्रस्तुत करें तथा मार्ग में आयोजित होने वाले नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए अधिकाधिक युवाओं एवं नागरिकों को इस अभियान से जोड़ें. उन्होंने मार्ग में पड़ने वाले जनपदों के पुलिस अधीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को रैली दल की सुरक्षा, सुगम एस्कॉर्ट और आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए. इस अवसर पर पुलिस मुख्यालय के समस्त वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे.