लुंबिनी से श्रावस्ती जा रही श्रीलंकाई महिला की अचानक मौत, बस में मची अफरा-तफरी
धार्मिक यात्रा पर भारत आई 56 वर्षीय श्रीलंकाई महिला की लुंबिनी से श्रावस्ती जाते समय तबीयत बिगड़ गई.
उत्तर प्रदेश में धार्मिक यात्रा पर आए श्रीलंका के यात्रियों के दल के साथ शनिवार को दुखद घटना हो गई. लुंबिनी से श्रावस्ती जा रही टूरिस्ट बस में 56 वर्षीय महिला के सीने में अचानक तेज दर्द उठा. हालत बिगड़ने पर सहयात्रियों ने तुरंत मदद की और दल में मौजूद स्वास्थ्यकर्मी ने प्राथमिक उपचार के साथ सीपीआर देने की कोशिश की. इसके बावजूद महिला की स्थिति नहीं संभली और उसे बलरामपुर जिला मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
बस में अचानक बिगड़ी महिला की हालत
मृतका की पहचान श्रीलंका के कालूबौला निवासी तुसारी इनौक की पत्नी कहापोला अदा रैचिगे के रूप में हुई है. वह 46 यात्रियों के दल के साथ भारत में बौद्ध धार्मिक स्थलों की यात्रा पर आई थीं. शनिवार को लुंबिनी से श्रावस्ती जाते समय रास्ते में उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द हुआ. कुछ ही देर में उनकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद यात्रियों ने तत्काल सहायता शुरू की.
स्वास्थ्यकर्मी ने दिया सीपीआर
महिला की हालत बिगड़ते देख दल में शामिल एक श्रीलंकाई महिला स्वास्थ्यकर्मी ने तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू किया. उन्हें सीपीआर भी दिया गया, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी कोई सुधार नहीं हुआ. स्थिति गंभीर होती देख बस चालक मुकेश ने वाहन को श्रावस्ती के बजाय बलरामपुर की ओर मोड़ दिया. यात्रियों की कोशिश थी कि महिला को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाकर चिकित्सा सहायता दिलाई जा सके.
Also Read
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत बताया
महिला को बलरामपुर के जिला मेमोरियल चिकित्सालय की इमरजेंसी में लाया गया. वहां चिकित्सक डॉक्टर अल्ताफ ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. बताया गया कि यह दल भोपाल से धार्मिक यात्रा के लिए निकला था और सांची, कौशांबी, वाराणसी, गया, कुशीनगर तथा वैशाली जैसे प्रमुख बौद्ध स्थलों का दौरा कर चुका था. यात्रा अभी लगभग छह दिन और चलनी थी.
पोस्टमार्टम से स्पष्ट होगी मौत की वजह
महिला की अचानक मौत से पूरे दल में शोक का माहौल है. यात्रियों के अनुसार 22 अगस्त को सभी को दिल्ली से श्रीलंका लौटना था. नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि महिला को सीने में दर्द की शिकायत हुई थी. शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. रिपोर्ट सामने आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी और पुलिस जांच भी आगे बढ़ेगी.