यूपी में आसमान से बरस रही आफत, 7 मौतों के बाद बढ़ा खतरा; कई जिलों के लिए IMD का रेड अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मानसून का असर लगातार तेज हो रहा है. गुरुवार को बारिश, आकाशीय बिजली और बारिश से जुड़े हादसों में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून अब पूरी रफ्तार में है और लगातार हो रही बारिश ने कई जिलों में जनजीवन प्रभावित कर दिया है. गुरुवार को बारिश, आकाशीय बिजली और बारिश से जुड़े हादसों में सात लोगों की मौत हो गई. कई स्थानों पर जलभराव और सड़क हादसों ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. भारतीय मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे कई इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है. प्रशासन ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है.
बारिश और बिजली ने ली सात लोगों की जान
बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में संत कबीर नगर, कुशीनगर, बुलंदशहर, शामली और गाजियाबाद में सात लोगों की मौत हुई. आकाशीय बिजली गिरने से संत कबीर नगर में दो और कुशीनगर में एक व्यक्ति की जान गई. बुलंदशहर के खुर्जा क्षेत्र में दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हुई, जबकि चार लोग घायल हो गए. शामली में टिन शेड गिरने और गाजियाबाद में नाले में डूबने की घटनाओं में भी मौतें दर्ज की गईं.
जलभराव और ट्रैफिक जाम से थमी रफ्तार
लगातार बारिश के कारण नोएडा, गाजियाबाद और लखनऊ समेत कई शहरों में सड़कें पानी में डूब गईं. गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-13 में निर्माणाधीन बेसमेंट के पास सड़क धंस गई. नोएडा के सेक्टर-33 स्थित परिवहन विभाग कार्यालय में भी पानी भर गया. कई प्रमुख मार्गों पर लंबे ट्रैफिक जाम लगे और बारिश को देखते हुए कुछ क्षेत्रों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया.
Also Read
- UP Sandhya Samvad: यूपी में संध्या संवाद का बड़ा असर, मंडलायुक्त के आदेश पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों के खातों में आए पैसे
- मछली पालकों को यूपी सरकार देगी बड़ा अनुदान, 18 लाभार्थियों की लिस्ट तैयार; जानें किसे और कैसे मिलेगा योजना का लाभ
- UP Amrit Sarovar Scheme: पूरे देश में चमका उत्तर प्रदेश, योगी सरकार ने रिकॉर्ड तोड़ बनाए करीब 20 हजार अमृत सरोवर
इन जिलों के लिए जारी हुआ रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल और बदायूं में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इसके अलावा पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है. विभाग के अनुसार 11 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा.
इन शहरों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान मेरठ में 94.9 मिमी, मुजफ्फरनगर में 68.2 मिमी, बरेली में 58.8 मिमी और मुरादाबाद में 22 मिमी वर्षा दर्ज की गई. लखनऊ में गुरुवार सुबह से शाम तक 27.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई. अलीगढ़, कानपुर, प्रयागराज, शाहजहांपुर, आजमगढ़, हरदोई और सुल्तानपुर में भी अच्छी वर्षा हुई. मौसम विभाग का कहना है कि लगातार बारिश से अगले दो-तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है.
कम दबाव का क्षेत्र बना वजह, लोगों को दी गई यह सलाह
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण उत्तर प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हुआ है. इसी वजह से तेज बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं की आशंका बनी हुई है. विभाग ने रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों के लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने, मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर रहने और बिना जरूरी काम घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है.