हर हफ्ते भर्ती का बड़ा इवेंट, 6 महीने में 1 लाख सरकारी नौकरियां! CM योगी का युवाओं के लिए बड़ा ऐलान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अगले छह महीनों में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है. उन्होंने हर सप्ताह बड़े भर्ती आयोजन कराने की बात कही.
लखनऊ में पुलिस भर्ती के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी भर्तियों को लेकर बड़ा लक्ष्य सामने रखा. उन्होंने कहा कि अगले छह महीनों में एक लाख युवाओं को सरकारी सेवा में अवसर दिया जाएगा. साथ ही हर सप्ताह एक बड़ा भर्ती आयोजन कराने की योजना बताई.
हर सप्ताह होगा बड़ा भर्ती आयोजन
मुख्यमंत्री ने बताया कि शनिवार को 818 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए, जबकि रविवार को 912 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए. उन्होंने कहा कि 22 सितंबर को भी नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम होगा. उनके अनुसार, अगले छह महीनों में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने के लक्ष्य के साथ हर सप्ताह बड़े भर्ती आयोजन किए जाएंगे.
पारदर्शी चयन पर सरकार का जोर
लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में 2023 की सीधी भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित 912 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए. इनमें पुलिस उपनिरीक्षक गोपनीय, सहायक उपनिरीक्षक लिपिक और सहायक उपनिरीक्षक लेखा के पद शामिल हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता से अभ्यर्थियों और उनके परिवारों का सरकारी व्यवस्था पर भरोसा बढ़ता है. उन्होंने दावा किया कि 2017 के बाद भर्ती व्यवस्था में कई बदलाव किए गए और समूह ‘ग’ तथा ‘घ’ की भर्तियों में साक्षात्कार समाप्त किया गया.
Also Read
साढ़े नौ लाख से अधिक नियुक्तियों का दावा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 के बाद उत्तर प्रदेश सरकार में साढ़े नौ लाख से ज्यादा युवाओं को नियुक्तियां दी जा चुकी हैं. उन्होंने पुलिस भर्ती व्यवस्था में सुधार, प्रशिक्षण क्षमता बढ़ाने और तकनीकी संसाधनों के विस्तार का भी उल्लेख किया. मुख्यमंत्री के मुताबिक, पुलिस प्रशिक्षण की क्षमता पहले करीब छह हजार कर्मियों की थी, जो अब 60 हजार से अधिक तक पहुंच गई है. उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में करीब 35 हजार पुलिस पदों पर सीधी भर्ती और 9,457 पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया चल रही है.
महिला पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या अब 44 हजार से ज्यादा हो गई है और मौजूदा भर्तियां पूरी होने के बाद यह आंकड़ा साल के अंत तक 50 हजार तक पहुंच सकता है. उन्होंने पुलिस के आधुनिकीकरण के तहत फॉरेंसिक लैब, साइबर थानों और साइबर हेल्प डेस्क जैसी व्यवस्थाओं का भी जिक्र किया. पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने बताया कि 912 चयनित अभ्यर्थियों का आधारभूत प्रशिक्षण छह अक्टूबर से शुरू होगा. इसमें छह महीने का संस्थागत और तीन महीने का व्यावहारिक प्रशिक्षण शामिल होगा.