यूपी कैबिनेट की प्रयागराज में होगी विशेष बैठक, CM योगी संग 54 मंत्री त्रिवेणी संगम में लगाएंगे आस्था की डुबकी

प्रयागराज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में होने वाली विशेष कैबिनेट बैठक में प्रदेश के विकास से जुड़े अहम प्रस्तावों पर चर्चा होगी.

X
Ashutosh Rai

उत्तर प्रदेश सरकार बुधवार को प्रयागराज में एक महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक आयोजित करने जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में होने वाली इस बैठक में राज्य मंत्रिमंडल के सभी 54 सदस्य शामिल होंगे. कई महत्वपूर्ण योजनाओं और प्रस्तावों को मंजूरी मिलने की संभावना जताई जा रही है.

प्रयागराज में होगी विशेष कैबिनेट बैठक

कैबिनेट की यह विशेष बैठक दोपहर 12 बजे अराइल स्थित त्रिवेणी संकुल में आयोजित की जाएगी. पहले इसे मेला अथॉरिटी ऑडिटोरियम में कराने की योजना थी. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्थान बदल दिया गया। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि संगम क्षेत्र में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. बैठक में प्रदेश के विकास, बुनियादी ढांचे और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होने की उम्मीद है.

बैठक के बाद संगम में पूजा और स्नान

कैबिनेट बैठक समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सभी मंत्री अराइल वीआईपी घाट से मोटरबोट के जरिए त्रिवेणी संगम पहुंचेंगे. वहां वे विधिवत पूजा-अर्चना करेंगे और पवित्र संगम में डुबकी लगाएंगे. प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर विशेष तैयारियां की हैं. सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं ताकि पूरा कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके.


2019 की परंपरा फिर दोहराएंगे योगी

यह पहला अवसर नहीं है जब मुख्यमंत्री योगी अपनी पूरी कैबिनेट के साथ संगम जाएंगे. इससे पहले वर्ष 2019 में प्रयागराज कुंभ के दौरान उन्होंने मंत्रियों और संत समाज के साथ संगम में स्नान किया था. उस समय यह आयोजन काफी चर्चा में रहा था. अब एक बार फिर उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री और मंत्रीमंडल संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगे. इसे धार्मिक आस्था और प्रशासनिक समन्वय का महत्वपूर्ण प्रतीक माना जा रहा है.