UP Board Exam 2027: 20 जुलाई से शुरू होगी परीक्षा केंद्र निर्धारण प्रक्रिया, 18 सितंबर को फाइनल लिस्ट
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारण का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है.
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारण का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है. ऑनलाइन प्रक्रिया 20 जुलाई से शुरू होगी और सभी आपत्तियों के निस्तारण के बाद 18 सितंबर को अंतिम परीक्षा केंद्रों की सूची जारी की जाएगी. इस बार भी पारदर्शिता, नकलविहीन परीक्षा और ऑनलाइन सत्यापन प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया गया है.
ऑनलाइन प्रक्रिया के साथ तय होंगे परीक्षा केंद्र
जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार सभी प्रधानाचार्यों को 20 जुलाई तक अपने-अपने विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं और भवन संबंधी जानकारी परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी. इसके बाद जिलाधिकारी द्वारा गठित तहसील स्तरीय समिति 3 अगस्त तक विद्यालयों का भौतिक सत्यापन करेगी और 10 अगस्त तक अपनी रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड करेगी. 17 अगस्त को संभावित परीक्षा केंद्रों की पहली सूची जारी की जाएगी.
18 सितंबर को जारी होगी फाइनल लिस्ट
प्रारंभिक सूची जारी होने के बाद 22 अगस्त से छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य और प्रबंधक ऑनलाइन आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे. इनका निस्तारण 1 सितंबर तक किया जाएगा. संशोधित सूची 7 सितंबर को प्रकाशित होगी, जबकि 14 सितंबर तक अंतिम आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी. सभी शिकायतों और सुझावों का निपटारा करने के बाद 18 सितंबर को बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी. परिषद का उद्देश्य पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और नकलमुक्त बनाना है.
Also Read