Asian Games 2026 BRICS 2026

सपनों को मिले पंख: अमरोहा में सीएम योगी ने बांटी खुशियों की चाबी, रोजगार के चेक और विकास की सौगात

अमरोहा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 207 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया. लाभार्थियों को आवास, स्वरोजगार, किसान ड्रोन, अनुदान और डिजिटल शिक्षा के लिए लैपटॉप वितरित किए.

@myogiadityanath
Meenu Singh

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अमरोहा दौरे के दौरान जिले को विकास की बड़ी सौगात दी. गजरौला स्थित श्री वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय में आयोजित जनसभा में उन्होंने 207 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 43 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया. कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के 10 लाभार्थियों को मंच पर सम्मानित करते हुए आवास की चाबी, ऋण स्वीकृति पत्र, किसान ड्रोन के अनुदान प्रमाण पत्र और लैपटॉप प्रदान किए गए.

महिलाओं को मिला आवास और आर्थिक सशक्तीकरण

कार्यक्रम में महिलाओं के सशक्तीकरण पर विशेष जोर दिखाई दिया. गजरौला विकासखंड के ग्राम कांकाठेर की संगीता को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत बने पक्के घर की चाबी सौंपी गई. वहीं, ग्राम जब्दा की कंचन को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत ट्रैक्टर-ट्रॉली खरीदने के लिए ऋण और वाहन की चाबी प्रदान की गई. इसके अलावा, ग्राम पंचायत जाजरू की बेबी को 144 महिला स्वयं सहायता समूहों के सशक्तीकरण के लिए कुल 2.16 करोड़ रुपये का चेक सौंपा गया.


युवाओं को मिला स्वरोजगार का संबल

मुख्यमंत्री ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कई लाभार्थियों को स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ा. ग्राम बस्तापुर के रिकू चिकारा को दुग्ध व्यवसाय के लिए 10 लाख रुपये का ऋण प्रमाण पत्र दिया गया. हसनपुर के दीपक कुमार को मधुमक्खी पालन शुरू करने के लिए 10 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत हुई. वहीं, सत्यम गोला को प्रिंटिंग मशीन व्यवसाय और सचिन चौधरी को रेस्टोरेंट शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए.

किसानों और छात्रों को भी मिली नई सौगात

कृषि और शिक्षा क्षेत्र को आधुनिक बनाने की दिशा में भी कई लाभ दिए गए. हसनपुर के किसान राजपाल सिंह को मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत 11.80 लाख रुपये के अनुदान का प्रमाण पत्र सौंपा गया. प्रगतिशील किसान उत्पादक संगठन के निदेशक प्रेम सिंह आर्य को आधुनिक खेती के लिए किसान ड्रोन पर 4.75 लाख रुपये का अनुदान दिया गया. वहीं, धनौरा की मेधावी छात्रा जीविका अग्रवाल को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत लैपटॉप देकर डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास के साथ प्रत्येक वर्ग को आत्मनिर्भर बनाना और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है.