Sawan 2026

4 साल से झड़ रहे थे बाल, इलाज से नहीं मिली राहत तो की आत्महत्या

सुल्तानपुर में 15 वर्षीय किशोरी मोनी उर्फ प्रिया निषाद की मौत का मामला सामने आया है. परिवार के अनुसार, बाल झड़ने की बीमारी और इलाज से राहत न मिलने के कारण वह तनाव में थी.

Pinterest
Meenu Singh

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में 15 वर्षीय बच्ची की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. रामनगर कोट गांव की रहने वाली मोनी उर्फ प्रिया निषाद लंबे समय से बाल झड़ने की बीमारी से परेशान थी. परिवार के मुताबिक, करीब चार से पांच साल पहले बीमारी के बाद उसके सिर के बाल पूरी तरह झड़ गए थे. इलाज के बावजूद सुधार नहीं होने से वह मानसिक तनाव में रहने लगी थी. 12 अगस्त को बकरियां चराने निकली किशोरी का शव गांव के बाग में मिला.

बीमारी के बाद बढ़ती गई परेशानी

परिजनों के अनुसार, बीमारी के कारण मोनी के सिर के बाल पूरी तरह झड़ गए थे. वह लोगों के सामने जाने में झिझकती थी और अक्सर सिर पर टोपी पहनकर रहती थी. पिछले कुछ महीनों से उसका घरेलू उपचार चल रहा था, लेकिन परिवार को कोई खास सुधार नजर नहीं आया. दवा लेने के बाद सिरदर्द बढ़ने की शिकायत भी बताई गई. परिजनों का कहना है कि इसी वजह से उसका तनाव लगातार बढ़ता गया.

बकरियां चराने निकली थी प्रिया

मोनी पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थी और उसने पांचवीं कक्षा तक पढ़ाई की थी. उसके परिवार में तीन बहनें और एक भाई है. 12 अगस्त को वह रोज की तरह बकरियां चराने के लिए घर से निकली थी. काफी समय बाद उसका शव गांव के ही एक बाग में मिला. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई.


पुलिस ने मौके पर जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलने के बाद कोतवाली नगर थाना पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम घटनास्थल पर पहुंची. टीम ने मौके का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए. नगर क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र सिंह के अनुसार, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. प्रारंभिक जांच में बीमारी और उससे जुड़े तनाव की बात सामने आई है. पुलिस मामले की अन्य पहलुओं से भी जांच कर रही है.

पहले से आर्थिक संकट में था परिवार

मोनी के पिता मजदूरी करते हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई गई है. परिवार में पहले से भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी चल रही है. रिश्तेदार शारदा देवी का किडनी की समस्या के कारण इसी साल से डायलिसिस चल रहा है. ऐसे हालात के बीच किशोरी की मौत ने परिजनों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. पुलिस के अनुसार, फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद जांच आगे बढ़ेगी.