'मम्मी के पास जा रहा हूं', वीडियो बनाकर युवक ने की खुदकुशी, मंगेतर ने भी मौत को लगाया गले; क्या है पूरा मामला?
चित्रकूट में सगाईशुदा युवक ने परिवारिक विवादों से आहत होकर फांसी लगा ली. उसकी मौत की खबर मिलते ही मंगेतर ने भी आत्महत्या कर ली. शादी से पहले हुई इस दोहरी त्रासदी से पूरा क्षेत्र सदमे में है.
उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में शादी से पहले हुआ एक दर्दनाक घटनाक्रम पूरे इलाके को झकझोर गया. 23 वर्षीय दुर्गेश पांडेय ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी. उसने वीडियो बनाकर आरोप लगाया कि परिवारिक तनाव और पिता–बहन के व्यवहार ने उसे टूटने पर मजबूर कर दिया. वीडियो व्हाट्सऐप पर डालने के कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई. यह खबर सुनते ही उसकी मंगेतर रत्ना मिश्रा ने भी शिव मंदिर में आत्महत्या कर ली. दोनों की मई में शादी होनी थी.
आखिरी वीडियो और युवक का दर्दनाक कदम
दुर्गेश ने खुदकुशी से पहले एक छोटा वीडियो बनाकर कहा कि वह अपनी स्वर्गीय मां के पास जा रहा है, क्योंकि वही उसके लिए खड़ी होती थीं. वीडियो में उसने पिता और बहन पर मानसिक दबाव बनाने का आरोप लगाया. वीडियो अपलोड करने के बाद उसने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
सगाई के बाद बढ़ा तनाव और शादी का विवाद
परिजनों के अनुसार, दुर्गेश और 18 वर्षीय रत्ना मिश्रा की सगाई 7 फरवरी को हुई थी और 1 मई को शादी तय थी. लेकिन सगाई के बाद दुर्गेश के पिता ने अचानक शादी से पीछे हटने की बात कही. इसी बात से युवक गहरे तनाव में था. पिता द्वारा दिए जा रहे मानसिक का दुर्गेश ने अपने वीडियो में भी जिक्र किया है.
मंगेतर रत्ना ने भी दी अपनी जान
दुर्गेश की मौत की खबर जैसे ही उसकी मंगेतर रत्ना को मिली तो उसको भारी सदमा लग गया, जिससे वह उबर नहीं पाई. शुक्रवार की शाम वह बिना बताए घर से निकली और गांव के शिव मंदिर पहुंची. वहीं मंदिर के छल्ले में दुपट्टे का फंदा लगाकर उसने भी आत्महत्या कर ली. उसकी लाश देखकर परिवार के होश उड़ गए.
गांव में शोक, परिवार में सन्नाटा
दोनों की मौत से पूरा क्षेत्र दुख में डूब गया है. गांव के लोग कहते हैं कि शादी से ठीक पहले ऐसे घटनाक्रम ने सबको हिलाकर रख दिया है. पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में पारिवारिक विवाद ही मुख्य कारण दिखाई दे रहा है. दोनों परिवारों में मातम पसरा है.