डीएम अंकल, पापा बॉर्डर पर तैनात हैं, बिजली दिला दो...फौजी की बेटी का वीडियो वायरल
नागालैंड में तैनात फौजी की छठी कक्षा में पढ़ने वाली बेटी ने कानपुर देहात के डीएम से वीडियो के जरिए घर में बिजली दिलाने की भावुक अपील की है, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है.
उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात से एक बेहद झकझोर देने वाला और भावुक मामला सामने आया है. जहां सरहद पर देश की रक्षा में तैनात एक फौजी का परिवार खुद बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहा है. अकबरपुर के कृष्णा नगर में रहने वाली कक्षा 6 की एक मासूम छात्रा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सीधे जिलाधिकारी (DM) से अपने घर में बिजली कनेक्शन लगवाने की गुहार लगाई है, जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है.
पापा बॉर्डर पर हैं, हम गर्मी में सो नहीं पाते
वायरल वीडियो में बच्ची रोआंसी आवाज में कहती है, 'डीएम अंकल, मेरे पापा फौजी हैं और इस वक्त नागालैंड में देश की सेवा कर रहे हैं. हमारा घर आपके आवास के बेहद पास है, फिर भी यहां बिजली नहीं है. इस भीषण गर्मी में मैं और मेरे भाई-बहन रात भर सो नहीं पाते और हमारी पढ़ाई भी पूरी तरह ठप हो गई है. कृपया हमारी मदद कीजिए.' बच्ची की मां आसमां खान ने बताया कि उन्होंने अप्रैल 2026 में ही नए कनेक्शन के लिए आवेदन कर दिया था, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी विभाग ने सुध नहीं ली.
Also Read
घर के पास खंभा, फिर भी अंधेरे में फौजी का परिवार
हैरानी की बात यह है कि फौजी के घर के बिल्कुल नजदीक ही बिजली का पोल मौजूद है, जिससे तकनीकी रूप से कनेक्शन देने में कोई बाधा नहीं है. आसमां खान के मुताबिक, पति के बाहर होने के कारण घर की पूरी जिम्मेदारी उन पर है और बिजली न होने से बच्चों का भविष्य दांव पर लगा है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर तुरंत राहत देने की मांग की है.
एक्शन के इंतजार में जनता
इस पूरे मामले पर जब कानपुर देहात के वर्तमान जिलाधिकारी कपिल सिंह (IAS 2015 बैच) से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनके कार्यालय ने अधिकारी के बैठक में व्यस्त होने की बात कहकर जल्द ही अपडेट देने का आश्वासन दिया है. अब देखना यह है कि देश के रक्षक के परिवार की इस चित्कार पर प्रशासन कब जागता है.