menu-icon
India Daily

'मुझे नौलखा मंगा दे रे...' जौनपुर की बदलापुर कोतवाली में जन्माष्टमी पर अश्लील डांस का वीडियो वायरल, SHO पर गिरी गाज

बदलापुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडेय ने इस वीडियो पर सफाई देते हुए कहा, “श्रीकृष्ण जन्म उत्सव के दौरान मैं पूजा-पाठ के कार्यक्रम में व्यस्त था. इस दौरान किसी ने गाना बजा दिया था.”

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
'मुझे नौलखा मंगा दे रे...' जौनपुर की बदलापुर कोतवाली में जन्माष्टमी पर अश्लील डांस का वीडियो वायरल, SHO पर गिरी गाज

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बदलापुर कोतवाली परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पवित्र अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम ने विवाद खड़ा कर दिया है. धार्मिक आयोजन के नाम पर बार डांसरों द्वारा अश्लील गानों पर नृत्य ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में डांसर ‘मुझे नौलखा मंगा दे ओ सैंया दीवाने’ जैसे गानों पर थिरकती नजर आ रही हैं, जिसके बाद जनता में आक्रोश फैल गया.

वायरल वीडियो ने मचाया हंगामा

सोशल मीडिया पर इस वीडियो के वायरल होने के बाद लोगों ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए. कई यूजर्स ने कमेंट्स में इस घटना को शर्मनाक करार देते हुए पुलिस प्रशासन की लापरवाही की निंदा की. उत्तर प्रदेश के डीजीपी द्वारा जन्माष्टमी पर किसी भी अश्लील नृत्य या अशोभनीय कार्यक्रम पर सख्त रोक के बावजूद यह घटना सामने आई, जिसने पुलिस की छवि को धक्का पहुंचाया. स्थानीय लोगों ने इस नृत्य का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिससे मामला और तूल पकड़ गया.

पुलिस प्रभारी का बयान

बदलापुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडेय ने इस वीडियो पर सफाई देते हुए कहा, “श्रीकृष्ण जन्म उत्सव के दौरान मैं पूजा-पाठ के कार्यक्रम में व्यस्त था. इस दौरान किसी ने गाना बजा दिया था.” हालांकि, उनका यह बयान लोगों के गुस्से को शांत करने में नाकाफी साबित हुआ. 

पुलिस प्रशासन पर कार्रवाई

जन्माष्टमी जैसे पवित्र अवसर पर इस तरह की घटना ने समाज में गलत संदेश दिया. जनता ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की. पुलिस अधीक्षक जौनपुर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और विभागीय जांच के आदेश जारी किए.