menu-icon
India Daily

मथुरा जंक्शन के पास संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में धुआं, सतर्कता से टला बड़ा हादसा​​​​​​​

गुरुवार को मथुरा जंक्शन के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से यशवंतपुर जा रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के पैंट्री कार के समीप अचानक धुआं उठने लगा.

Shilpa Shrivastava
Prem Kaushik
Reported By: Prem Kaushik
मथुरा जंक्शन के पास संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में धुआं, सतर्कता से टला बड़ा हादसा​​​​​​​
Courtesy: India Daily

मथुरा: गुरुवार को मथुरा जंक्शन के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से यशवंतपुर जा रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के पैंट्री कार के समीप अचानक धुआं उठने लगा. धुआं देखते ही ट्रेन में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग घबराकर अपने-अपने कोच से नीचे उतर आए.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन जैसे ही मथुरा जंक्शन के नजदीक पहुंची, तभी पैंट्री कार के पास स्थित कोच B1 और B4 के नीचे से तेज धुआं निकलता दिखाई दिया. अचानक हुए इस घटनाक्रम से यात्रियों में डर का माहौल बन गया और कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई.

रेलवे स्टाफ ने दिखाई तत्परता:

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन को तुरंत रोक दिया. ट्रेन रुकते ही यात्री अपनी सुरक्षा के लिए ट्रैक के किनारे खड़े हो गए. रेलवे कर्मचारियों ने यात्रियों को शांत कराने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए.

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. शुरुआती जांच में सामने आया कि ब्रेक शू के अधिक गर्म होने से "हॉट एक्सल" की स्थिति बन गई थी, जिसके कारण धुआं निकलने लगा. यह स्थिति समय रहते नियंत्रित कर ली गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

ट्रेन को सावधानीपूर्वक लाया गया मथुरा जंक्शन:

इसके बाद ट्रेन को सावधानीपूर्वक मथुरा जंक्शन तक लाया गया, जहां तकनीकी टीम ने खराबी को दुरुस्त किया. सभी आवश्यक जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को सुरक्षित रूप से आगे के लिए रवाना कर दिया गया. ट्रेन के दोबारा चलने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली और रेलवे की त्वरित कार्रवाई की सराहना की.