RRB NTPC अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत, रेलवे ने चला दी स्पेशल ट्रेनें, जानिए पूरा शेड्यूल
RRB NTPC परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे ने बरेली से गाजियाबाद और गोरखपुर से लखनऊ के बीच विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया है. इसके साथ ही सोमवती अमावस्या मेले और पुरी तक पूर्वांचल एक्सप्रेस विस्तार की तैयारियों ने यात्रियों को बड़ी राहत की उम्मीद दी है.
रेलवे भर्ती बोर्ड यानी RRB NTPC परीक्षा में शामिल होने वाले हजारों अभ्यर्थियों के लिए रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है. परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए बरेली से गाजियाबाद और गोरखपुर से लखनऊ के बीच स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है. रेलवे का यह कदम उन उम्मीदवारों के लिए राहत लेकर आया है जिन्हें परीक्षा देने के लिए दूसरे शहरों की यात्रा करनी पड़ रही है. बरेली से गाजियाबाद के लिए चलाई गई परीक्षा स्पेशल ट्रेन संख्या 04323 रात 10:50 बजे बरेली जंक्शन से रवाना हो रही है. यह ट्रेन रामपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, गजरौला और हापुड़ होते हुए सुबह 4:35 बजे गाजियाबाद पहुंचती है. वापसी में यह ट्रेन रात 8:10 बजे गाजियाबाद से चलकर रात 9:50 बजे बरेली पहुंचती है.
52 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों के लिए व्यवस्था
RRB NTPC परीक्षा के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को विभिन्न शहरों में परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं. जानकारी के अनुसार करीब 52,681 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना है. बरेली जिले के 3,309 उम्मीदवारों का परीक्षा केंद्र नोएडा में निर्धारित किया गया है. रेलवे प्रशासन ने 12 जून से 14 जून तक दो विशेष परीक्षा ट्रेनों के संचालन की योजना बनाई है. इनमें बरेली से गाजियाबाद और मुरादाबाद से ज्वालानगर के बीच चलने वाली विशेष ट्रेनें शामिल हैं. हालांकि कई अभ्यर्थियों का कहना है कि ट्रेन संचालन की जानकारी काफी देर से जारी की गई, जिसके कारण पहले दिन कई उम्मीदवार इसका लाभ नहीं उठा सके.
स्टेशन पर हेल्प डेस्क की भी व्यवस्था
परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बरेली जंक्शन पर विशेष हेल्प डेस्क भी बनाई गई है. स्टेशन प्रशासन का कहना है कि उम्मीदवारों को ट्रेन और परीक्षा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई है. स्टेशन अधीक्षक भानु प्रताप के अनुसार शुक्रवार, शनिवार और रविवार को परीक्षा स्पेशल ट्रेन निर्धारित समय पर संचालित की जा रही है ताकि अभ्यर्थियों को यात्रा में किसी प्रकार की असुविधा न हो.
Also Read
RRB NTPC परीक्षा को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने गोरखपुर और लखनऊ के बीच भी विशेष ट्रेन चलाने का फैसला लिया है. ट्रेन संख्या 05005 गोरखपुर से दोपहर 12:45 बजे रवाना होकर शाम 5:45 बजे लखनऊ पहुंचेगी. वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 05006 लखनऊ से शाम 6:15 बजे चलकर रात 11:55 बजे गोरखपुर पहुंचेगी. इसके अलावा ट्रेन संख्या 05031 का संचालन भी निर्धारित तिथियों के दौरान किया जाएगा. रेलवे को उम्मीद है कि इससे परीक्षा देने वाले हजारों छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा.