रोडवेज बस लोहे से लदे ट्रक से टकराई, एक यात्री की मौत, 18 घायल
हादसा हाथरस के सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र में हुआ. कौशांबी डिपो की यह बस फर्रुखाबाद से दिल्ली की ओर जा रही थी. रात के समय बस अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में सड़क के किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई.
हाथरस: देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में फर्रुखाबाद से दिल्ली जा रही उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस ने सड़क किनारे खड़े लोहे से भरे ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में एक यात्री की मौके पर मौत हो गई, जबकि 18 अन्य यात्री घायल हो गए. घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है.
रोडवेज बस लोहे से लदे ट्रक से टकराई
हादसा हाथरस के सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र में हुआ. कौशांबी डिपो की यह बस फर्रुखाबाद से दिल्ली की ओर जा रही थी. रात के समय बस अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में सड़क के किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पूरा अगला हिस्सा बुरी तरह से टूट गया और कुचल गया. बस में सवार यात्री चीखने-चिल्लाने लगे. आसपास के लोग और पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए.
पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला. घायलों को तुरंत सिकंदराराऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया. जहां प्राथमिक इलाज के बाद दो गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया गया. बाकी घायलों का इलाज चल रहा है.
Also Read
मृतक की शिनाख्त की जा रही है
मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी अमित पाठक और थाना प्रभारी शिवकुमार शर्मा ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस बस चालक से पूछताछ कर रही है. शुरुआती जानकारी के अनुसार चालक की लापरवाही या थकान के कारण बस अनियंत्रित हुई हो सकती है. ट्रक सड़क किनारे खड़ा था, जिसकी रोशनी या चेतावनी के संकेतों पर भी सवाल उठ रहे हैं.
हादसे के बाद बस में सवार बचे हुए यात्रियों को दूसरी बस की व्यवस्था करके दिल्ली रवाना कर दिया गया. रोडवेज प्रशासन ने भी इस घटना पर दुख जताया है और घायलों के इलाज का पूरा खर्च वहन करने की बात कही है.