राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में नया मोड़, नोटों की गड्डियों के साथ दिखा अविनाश शुक्ल का भाई; जांच तेज

अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच के बीच एक वायरल वीडियो ने नया मोड़ ला दिया है. वीडियो में मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ल के भाई अमित शुक्ल के हाथ में नकदी की गड्डियां दिखाई दे रही हैं. पुलिस अब वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है.

X (@08febShivaji)
Shanu Sharma

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी को लेकर लगातार चर्चा हो रही है. इस मामले में मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ल पहले से न्यायिक हिरासत में है, लेकिन अब सोशल मीडिया पर सामने आए एक वायरल वीडियो ने जांच को नया मोड़ दे दिया है.

वायरल वीडियो में अविनाश के भाई अमित शुक्ल के हाथ में नकदी की कई गड्डियां दिखाई दे रही हैं. वीडियो सामने आने के बाद जांच एजेंसियों ने इसे गंभीरता से लिया है और इसकी सत्यता की पुष्टि करने के साथ-साथ वीडियो में दिखाई गई रकम के स्रोत की पड़ताल शुरू कर दी है. 

पुलिस करेगी वीडियो की गहन जांच

जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया था और किन परिस्थितियों में बनाया गया. इसके साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि वीडियो में दिखाई गई नकदी का स्रोत क्या है और उसका राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले से कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध है या नहीं. सूत्रों का कहना है कि यदि जांच के दौरान आवश्यकता महसूस हुई तो अमित शुक्ल से भी पूछताछ की जा सकती है. हालांकि फिलहाल पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों का सत्यापन कर रही है.


प्रतापगढ़ का रहने वाला है मुख्य आरोपी

जांच के अनुसार मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ल प्रतापगढ़ जिले के महेशगंज थाना क्षेत्र के नारियावा बाबूपुर गांव का निवासी है. बताया जा रहा है कि वह वर्ष 2025 में अयोध्या आया था और अपने बड़े भाई अभिषेक शुक्ल के साथ रह रहा था. अभिषेक शुक्ल 2021 से अयोध्या के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के रूप में कार्यरत है. इसी दौरान अविनाश भी उसके संपर्क में रहते हुए राम मंदिर से जुड़े कार्यों के करीब आया.

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखाई देने वाला अमित शुक्ल भी परिवार का सदस्य बताया जा रहा है, जिसकी भूमिका अब जांच के दायरे में आ गई है. राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. जांच के दौरान पुलिस ने अयोध्या के कौशलपुरी स्थित एक योग केंद्र में छापेमारी की थी, जहां अविनाश अपने बड़े भाई अभिषेक के साथ रह रहा था.