राम मंदिर को आज मिल सकता है पहला CEO, ट्रस्ट की अहम बैठक में होगा बड़ा फैसला

अयोध्या में राम मंदिर को आज अपना पहला CEO मिल सकता है. राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक बुधवार दोपहर 3 बजे मणिराम दास छावनी में होगी.

Pinterest
Shilpa Srivastava

Ram Mandir CEO: अयोध्या में राम मंदिर को आज अपना पहला CEO मिल सकता है. राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक बुधवार दोपहर 3 बजे मणिराम दास छावनी में होगी. माना जा रहा है कि बैठक में CEO के नाम पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है. इससे पहले मंगलवार को CEO के चयन के लिए बनाई गई नियुक्ति समिति ने ट्रस्ट को तीन नाम सौंपे थे. अब ट्रस्ट की बैठक में इन नामों पर चर्चा होगी और आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी.

CEO की नियुक्ति सबसे अहम मुद्दा:

बैठक के एजेंडे में नियुक्ति समिति की रिपोर्ट को सबसे महत्वपूर्ण विषयों में रखा गया है. रिपोर्ट पर चर्चा के बाद ट्रस्ट मंदिर के प्रशासनिक ढांचे को लेकर बड़ा फैसला कर सकता है. पहले CEO की नियुक्ति का उद्देश्य राम मंदिर से जुड़े प्रशासनिक और प्रबंधन के कामों को बेहतर तरीके से संचालित करना है. मंदिर में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए एक मजबूत प्रशासनिक व्यवस्था की जरूरत भी महसूस की जा रही है.

SIT जांच की भी होगी समीक्षा:

बैठक में राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कुछ मामलों और व्यवस्थाओं को लेकर चल रही SIT जांच की स्थिति पर भी चर्चा होगी. सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित SIT की मौजूदा स्थिति की जानकारी ट्रस्ट के महासचिव की ओर से दी जाएगी. इसके अलावा ट्रस्ट डीड और न्यास नियमावली में बदलाव का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया है. इससे आने वाले समय में ट्रस्ट के कामकाज और प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव का रास्ता साफ हो सकता है.


वित्तीय रिपोर्ट को भी मिलेगी मंजूरी:

ट्रस्ट की बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के ऑडिट किए गए आय-व्यय विवरण और बैलेंस शीट को मंजूरी देने का प्रस्ताव भी रखा गया है. इसके साथ ही पिछली बैठक में लिए गए फैसलों पर कितना काम हुआ, इसकी रिपोर्ट भी पेश की जाएगी. 22 जुलाई 2026 की पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि से जुड़े विषय भी एजेंडे में शामिल हैं.

राम मंदिर की सुरक्षा पर भी बड़ा फैसला:

राम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय हो सकता है. ट्रस्ट के एजेंडे में महासचिव की अध्यक्षता में स्थानीय सुरक्षा समन्वय समिति बनाने का प्रस्ताव शामिल है. इस समिति का उद्देश्य मंदिर की सुरक्षा से जुड़े स्थानीय स्तर के विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना होगा.

अगली बैठक की तारीख भी होगी तय:

बैठक के अंत में ट्रस्ट की अगली बैठक की तारीख भी तय की जा सकती है. कुल मिलाकर आज की बैठक में राम मंदिर के पहले CEO, SIT जांच, सुरक्षा व्यवस्था, वित्तीय रिपोर्ट और प्रशासनिक बदलाव जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर फैसले होने की उम्मीद है.