गोरखपुर के रास्ते दिल्ली जाने वालों के लिए खुशखबरी, समर स्पेशल ट्रेनों के बढ़े फेरे; कन्फर्म टिकट की बढ़ी उम्मीद
रेलवे ने गोरखपुर के रास्ते नई दिल्ली जाने वाली बरौनी और दरभंगा समर स्पेशल ट्रेनों के 16 अतिरिक्त फेरे बढ़ा दिए हैं. साथ ही गोरखपुर से चलने वाली कई समर स्पेशल ट्रेनों में जुलाई महीने के लिए पर्याप्त बर्थ उपलब्ध हैं.
गोरखपुर: दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है. यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने गोरखपुर के रास्ते चलने वाली दो प्रमुख समर स्पेशल ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे बढ़ाने का फैसला किया है. इसके साथ ही गोरखपुर से संचालित कई अन्य समर स्पेशल ट्रेनों में जुलाई महीने के दौरान बड़ी संख्या में सीटें और बर्थ उपलब्ध हैं, जिससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ गई है.
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि 02563/02564 बरौनी-नई दिल्ली-बरौनी स्पेशल और 02569/02570 दरभंगा-नई दिल्ली-दरभंगा स्पेशल ट्रेनों का संचालन 16 अतिरिक्त फेरों तक बढ़ाया गया है. इस फैसले से बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा.
कौन-कौन से ट्रेनों के होंगे अतिरिक्त फेरे?
रेलवे के अनुसार 02563 बरौनी-नई दिल्ली समर स्पेशल, जो पहले 5 जुलाई तक संचालित होनी थी, अब 31 जुलाई तक 16 अतिरिक्त फेरों में चलेगी. वहीं 02564 नई दिल्ली-बरौनी स्पेशल, जिसका संचालन 16 जुलाई तक निर्धारित था, अब 1 अगस्त तक जारी रहेगा. इसी तरह 02569 दरभंगा-नई दिल्ली स्पेशल 31 जुलाई तक और 02570 नई दिल्ली-दरभंगा स्पेशल 1 अगस्त तक 16 अतिरिक्त फेरों के साथ संचालित होगी.
Also Read
- 14 जुलाई से लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर टोल शुरू, जानें कार चालकों को कितना देना होगा पैसे
- राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में बड़ा अपडेट, आरोपित अविनाश शुक्ल की 24 घंटे की पुलिस रिमांड मंजूर; पैतृक निवास स्थान में होगी छानबीन
- योगी सरकार का मेगा प्लान, अब जाम से मिलेगी बड़ी राहत; लखनऊ-सीतापुर समेत 3 हाईवे होंगे सिक्स लेन
रेलवे ने दी ये जानकारी?
रेलवे ने यह भी जानकारी दी है कि गोरखपुर से चलने वाली कई समर स्पेशल ट्रेनों में अभी पर्याप्त बर्थ उपलब्ध हैं. 11 जुलाई को चलने वाली 05101 गोरखपुर-नई दिल्ली समर स्पेशल में वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी श्रेणी की 703 बर्थ खाली हैं. 15 जुलाई की 04315 गोरखपुर-योग नगरी ऋषिकेश समर स्पेशल में एसी द्वितीय श्रेणी की 25 और शयनयान श्रेणी की 231 बर्थ उपलब्ध हैं.
इसके अलावा 16, 23 और 30 जुलाई को चलने वाली 05057 गोरखपुर-दिल्ली समर स्पेशल में एसी तृतीय इकोनॉमी श्रेणी की 829 बर्थ उपलब्ध हैं. इन तिथियों पर शयनयान श्रेणी में भी बड़ी संख्या में सीटें खाली हैं, जिससे यात्रियों को आसानी से कन्फर्म टिकट मिलने की उम्मीद है.
और क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं?
09112 गोरखपुर-वडोदरा समर स्पेशल में भी 15, 22 और 29 जुलाई की यात्रा के लिए एसी प्रथम, एसी द्वितीय, एसी तृतीय और शयनयान श्रेणियों में पर्याप्त बर्थ उपलब्ध हैं. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से समय रहते टिकट बुक कराने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि अतिरिक्त फेरों और उपलब्ध सीटों से यात्रियों की यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी तथा त्योहार और छुट्टियों के दौरान भीड़ का दबाव कम किया जा सकेगा.