menu-icon
India Daily

रील के चक्कर में युवक पहुंचा जेल, पुलिस चौकी के बाहर बनाया था थाने की बोली लगाने वाला वीडियो

रॉबिन ने कुछ दिन पहले इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें वह पुलिस चौकी के बाहर खड़े होकर हवलदार की बोली 1,000 रुपये, इंस्पेक्टर की 10,000 रुपये और पूरे पुलिस स्टेशन की बोली 1 लाख रुपये लगाने की बात कह रहा था.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
Prem Kaushik
Reported By: Prem Kaushik
रील के चक्कर में युवक पहुंचा जेल, पुलिस चौकी के बाहर बनाया था थाने की बोली लगाने वाला वीडियो
Courtesy: prem kaushik

मथुरा. गोवर्धन क्षेत्र के साइबर ठगों के लिए चर्चित गांव देवसेरस का एक युवक सोशल मीडिया पर रील बनाकर चर्चा बटोरने के चक्कर में कानून के शिकंजे में फंस गया. पुलिस चौकी के बाहर खड़े होकर इंस्पेक्टर, दरोगा और पूरे थाने की ‘बोली’ लगाने वाला वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किया गया है.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवसेरस निवासी रॉबिन पुत्र रईस (20 वर्ष) के रूप में हुई है. बताया गया है कि रॉबिन ने कुछ दिन पहले इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें वह पुलिस चौकी के बाहर खड़े होकर हवलदार की बोली 1,000 रुपये, इंस्पेक्टर की 10,000 रुपये और पूरे पुलिस स्टेशन की बोली 1 लाख रुपये लगाने की बात कह रहा था. वीडियो में उसकी भाषा और अंदाज को पुलिस महकमे की गरिमा के खिलाफ माना गया. देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे पुलिस विभाग में हलचल मच गई.

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी मथुरा के निर्देशन में टीम गठित की गई. गोवर्धन थाना प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह गुर्जर के नेतृत्व में उप-निरीक्षक गौरव शर्मा और पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की. मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गाँठौली-देवसेरस बम्बा की पुलिया के पास घेराबंदी कर रॉबिन को गिरफ्तार कर लिया.

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुआ. इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ मु.अ.सं. 72/2026 के तहत धारा 9/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया और उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया.

गिरफ्तारी के बाद पुलिस हिरासत में आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आया और भविष्य में इस तरह का वीडियो न बनाने की बात कही. हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून और वर्दी का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सोशल मीडिया पर सनसनी फैलाने या लोकप्रियता हासिल करने के लिए इस तरह के कृत्य करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस का मानना है कि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच कुछ युवक लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए कानून की मर्यादा भूल रहे हैं, जो गंभीर परिणाम ला सकता है. गोवर्धन पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कड़ा संदेश माना जा रहा है कि कानून से खिलवाड़ और अवैध हथियार रखने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा.