IPL 2026 US Israel Iran War Weather IMD

कानों में हेडफोन लगाए मोबाइल पर PUBG खेल रहा था 22 साल का युवक, फटी दिमाग की नस, इलाज के दौरान हुई मौत

यूपी के मेरठ में मोबाइल पर PUBG खेलते समय 22 साल के युवक को ब्रेन हेमरेज हो गया. हालत बिगड़ने पर उसे दिल्ली रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

Social Media
Babli Rautela

लखनऊ: मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेलना अब सिर्फ समय बिताने का जरिया नहीं रह गया है, बल्कि कई मामलों में यह जानलेवा भी साबित हो रहा है. उत्तर प्रदेश के मेरठ से सामने आई एक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है. यहां मोबाइल पर PUBG गेम खेलते समय 22 साल के युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है. आसपास के लोग भी इस खबर से सहमे हुए हैं और ऑनलाइन गेमिंग को लेकर चिंता बढ़ गई है.

मृतक युवक की पहचान मोहम्मद कैफ के रूप में हुई है. वह मेरठ के खैरनगर इलाके की गूलर वाली गली का रहने वाला था. कैफ अपने पिता के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग के काम में हाथ बंटाता था. शुक्रवार को वह रोज की तरह ऑफिस में बैठा हुआ था और मोबाइल पर PUBG गेम खेल रहा था.

मोबाइल में पबजी खेल रहा था युवक

कहा जा रहा है की 22 साल के कैफ ने कान में ईयरफोन लगाए हुए थे और पूरी तरह गेम में डूबा हुआ था. इसी दौरान अचानक वह बेहोश होकर नीचे गिर पड़ा. ऑफिस में मौजूद लोगों ने जब यह देखा तो घबरा गए और तुरंत उसे संभालने की कोशिश की. ऑफिस में मौजूद लोगों ने तुरंत कैफ के परिजनों को सूचना दी. परिजन उसे लेकर पास के एक डॉक्टर के पास पहुंचे. वहां जब उसका ब्लड प्रेशर चेक किया गया तो सभी हैरान रह गए. बीपी 300 से ज्यादा बताया गया, जो बेहद खतरनाक स्थिति मानी जाती है.

डॉक्टरों ने बिना देरी किए उसे पास के नर्सिंग होम में भर्ती कराया. लेकिन हालत गंभीर होने के कारण वहां से भी उसे तुरंत रेफर कर दिया गया. इसके बाद परिजन उसे दिल्ली लेकर पहुंचे.

दिल्ली के अस्पताल में चला दो दिन तक इलाज

परिजन कैफ को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि उसके दिमाग की नस फट गई है. ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ने की वजह से ब्रेन हेमरेज हुआ था और अंदरूनी रक्तस्राव लगातार जारी था. डॉक्टरों ने दो दिन तक उसे बचाने की पूरी कोशिश की. आईसीयू में लगातार इलाज चलता रहा, लेकिन रविवार सुबह कैफ ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.

कैफ अपने माता पिता का इकलौता बेटा था. उसके एक बहन है. जब उसका शव मेरठ लाया गया तो घर में मातम पसर गया. रोते बिलखते परिजनों ने शाम को उसे सिपुर्द ए खाक किया. परिवार के लोगों का कहना है कि कैफ को पहले से ही ब्लड प्रेशर की समस्या थी. करीब दस साल पहले भी उसका बीपी काफी ज्यादा बढ़ गया था, जिसके बाद से उसका इलाज चल रहा था.