विश्वविद्यालय से फ्लाईओवर तक... विधानसभा चुनाव 2027 से पहले अलीगढ़ को बड़ी सौगात; पीएम मोदी कर सकते हैं इन परियोजनाओं का लोकार्पण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले डेढ़ महीने में अलीगढ़ का दौरा कर सकते हैं. 2027 विधानसभा चुनाव से पहले यह दौरा राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है. चलिए जानते हैं क्या-क्या है प्लानिंग.

Pinterest
Km Jaya

लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले एक से डेढ़ महीने के भीतर अलीगढ़ के दौरे पर आ सकते हैं. हालांकि अभी तक कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर तैयारियां शुरू होने की चर्चा तेज हो गई है.

माना जा रहा है कि इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री जिले की तीन महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण कर सकते हैं. संभावित कार्यक्रम के तहत राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय, क्वार्सी फ्लाईओवर और नौरंगीलाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया जा सकता है. इस अवसर पर योगी आदित्यनाथ के भी मौजूद रहने की संभावना जताई जा रही है.

केंद्र और प्रदेश सरकार क्या देना चाहती है संदेश?

केंद्र और प्रदेश सरकार इस कार्यक्रम के जरिए विकास कार्यों की निरंतरता और समयबद्ध क्रियान्वयन का संदेश देना चाहती हैं. जिन परियोजनाओं की आधारशिला प्रधानमंत्री मोदी ने स्वयं रखी थी, उनके पूरा होने के बाद उन्हीं के हाथों लोकार्पण कराना सरकार की प्रमुख रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.

खैर रोड स्थित मूसेपुर में बन रहा राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय इस सूची की सबसे महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है. प्रधानमंत्री मोदी ने 14 सितंबर 2021 को इसकी आधारशिला रखी थी. अब विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है और संबंधित विभाग इसे जल्द पूरा करने में जुटे हैं.

और क्या है प्लानिंग?

इसके अलावा शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के उद्देश्य से बनाए गए क्वार्सी फ्लाईओवर को भी उद्घाटन सूची में शामिल किए जाने की चर्चा है. वहीं खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तैयार किए गए नौरंगीलाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को भी कार्यक्रम का हिस्सा बनाया जा सकता है.

सूत्रों के अनुसार विभिन्न विभागों और निर्माण एजेंसियों से उन परियोजनाओं की सूची मांगी गई है जिनका लोकार्पण या शिलान्यास कराया जा सकता है. निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने और परियोजना स्थलों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

यह दौरा क्यों है इतना महत्वपूर्ण?

राजनीतिक दृष्टि से भी यह संभावित दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों को लेकर जनसंपर्क अभियान तेज होने की संभावना है. ऐसे में अलीगढ़ में होने वाला यह कार्यक्रम केवल जिले ही नहीं बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए एक बड़ा राजनीतिक और विकासात्मक संदेश दे सकता है.