IPL 2026

सिर्फ 6 घंटे में तय होगा मेरठ से प्रयागराज का सफर! PM मोदी ने गंगा एक्सप्रेसवे का किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के हरदोई में 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया. 36,230 करोड़ रुपये की लागत से बने इस एक्सप्रेसवे से मेरठ से प्रयागराज का यात्रा समय 10-12 घंटे से घटकर मात्र 6 घंटे रह जाएगा.

ani
Kuldeep Sharma

उत्तर प्रदेश के विकास में एक नया कीर्तिमान स्थापित हो गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को हरदोई में 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का भव्य उद्घाटन किया. लगभग 36,230 करोड़ रुपये की लागत से बना यह एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक का सफर काफी आसान और तेज कर देगा. पहले जहां इस दूरी को तय करने में 10 से 12 घंटे लगते थे, वहीं अब यह यात्रा सिर्फ 6 घंटे में पूरी हो सकेगी. यह एक्सप्रेसवे न सिर्फ यातायात को सुगम बनाएगा बल्कि पूरे पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश को आर्थिक रूप से मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

यूपी के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा एक्सप्रेसवे

गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से को जोड़ने वाली आर्थिक जीवनरेखा साबित होगा. यह एक्सप्रेसवे मेरठ के बिजौली गांव से शुरू होकर प्रयागराज के जुदापुर दांडू गांव तक फैला है. अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह छह लेन का एक्सप्रेसवे भविष्य में आठ लेन तक विस्तारित किया जा सकता है. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मां गंगा के आशीर्वाद से बना यह एक्सप्रेसवे यूपी के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा. 

 

यहां देखें वीडियो

हरिद्वार तक बढ़ेगा एक्सप्रेसवे

प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि गंगा एक्सप्रेसवे को आगे हरिद्वार तक बढ़ाया जाएगा. उन्होंने बताया कि दिसंबर 2021 में शाहजहांपुर से शुरू हुए इस प्रोजेक्ट को मात्र पांच साल में पूरा कर लिया गया है. इसके अलावा फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे बनाकर इसे अन्य एक्सप्रेसवे से भी जोड़ा जाएगा. इससे यातायात और व्यापार दोनों को और बढ़ावा मिलेगा. 

औद्योगिक कॉरिडोर और रोजगार के नए अवसर

गंगा एक्सप्रेसवे के दोनों ओर औद्योगिक गलियारे विकसित किए जा रहे हैं. इससे किसानों, एमएसएमई और स्थानीय व्यापारियों को बड़े बाजारों तक पहुंचने में आसानी होगी. प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे किसानों की आय बढ़ेगी, नए उद्योग स्थापित होंगे और युवाओं के लिए रोजगार के बेहतर अवसर पैदा होंगे. यह एक्सप्रेसवे एनसीआर को भी यूपी के अन्य हिस्सों से और करीब लाएगा.

विकास का विजन और विरासत का संगम

पीएम मोदी ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे का नाम मां गंगा के नाम पर रखना विकास और विरासत दोनों को जोड़ता है. उन्होंने बंगाल में हो रहे मतदान की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 6-7 दशकों में जो नहीं हुआ, वह अब हो रहा है. लोग बिना भय के वोट डाल रहे हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनावों में भाजपा ऐतिहासिक जीत की हैट्रिक लगाएगी. 

12 जिलों से जुड़ा एक्सप्रेसवे

यह एक्सप्रेसवे मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज समेत 12 जिलों से होकर गुजरता है. इसमें 9 जनसुविधा केंद्र, गंगा और रामगंगा नदी पर बड़े पुल तथा उन्नत इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लगाया गया है. शाहजहांपुर में 3.5 किमी लंबी इमरजेंसी एयरस्ट्रिप भी बनाई गई है.