लखनऊ के कोचिंग सेंटर में मौत बनकर उतरी आग, 15 जिंदगियां बुझीं; पीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में एक तीन मंजिला इमारत में लगी भीषण आग में 15 छात्रों की मौत हो गई. प्रधानमंत्री मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए मुआवजे का ऐलान किया है.

ANI
Sagar Bhardwaj

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सोमवार को एक दर्दनाक हादसे की गवाह बनी, जब अलीगंज इलाके की उषा मेहता मार्ग स्थित एक तीन मंजिला इमारत में अचानक आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कई छात्र अंदर फंस गए. दमकल और बचाव दल ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई घायल अस्पताल में उपचाराधीन हैं. घटना स्थल पर राहत व बचाव कार्य जारी है.

आग के बाद मची अफरा-तफरी

आग लगने के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इमारत से धुआं और लपटें तेजी से निकल रही थीं, जिससे अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया. आग पर नियंत्रण मिलने के बाद बचावकर्मियों ने पास की इमारत के रास्ते अंदर पहुंचकर लोगों को बाहर निकालना शुरू किया. स्ट्रेचर ले जाने में कठिनाई होने पर दीवार में रास्ता बनाया गया, जिससे राहत कार्य को गति मिल सके. 

अस्पताल में भर्ती घायलों का उपचार जारी

हादसे के बाद कुल 22 लोगों को किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) पहुंचाया गया. इनमें से 15 लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि सात अन्य घायल बताए गए हैं. अस्पताल प्रशासन के अनुसार घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है और उनका लगातार उपचार किया जा रहा है. स्वास्थ्य विभाग ने अतिरिक्त चिकित्सा टीमों को भी अलर्ट पर रखा है. प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना और लापता लोगों की तलाश जारी रखना है. बचाव दल इमारत के हर हिस्से की जांच कर रहा है ताकि कोई व्यक्ति अंदर फंसा न रह जाए.


प्रधानमंत्री ने जताया दुख, मुआवजे का किया ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. प्रधानमंत्री ने कहा कि राहत और बचाव कार्य जारी है तथा प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है. इसके साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है. 

घटनास्थल पर पहुंचे सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना की गंभीरता को देखते हुए अलीगढ़ और हाथरस के अपने निर्धारित कार्यक्रमों का शेष हिस्सा रद्द कर दिया और तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे. सीएम ने केजीएमयू पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और दमकल विभाग के अधिकारियों को फोन पर फटकार लगाई. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा ना जाए.