menu-icon
India Daily

'मैंने खुद अपनी आंखों से 14 शव देखे'..., लखनऊ अग्निकांड पर डिप्टी CM ब्रजेश पाठक के निकले आंसू; उच्च स्तरीय जांच के दिए आदेश

लखनऊ कोचिंग आग पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने 14 शव देखने की पुष्टि की.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
'मैंने खुद अपनी आंखों से 14 शव देखे'..., लखनऊ अग्निकांड पर डिप्टी CM ब्रजेश पाठक के निकले आंसू; उच्च स्तरीय जांच के दिए आदेश
Courtesy: X

लखनऊ के अलीगंज में एनिमेशन सेंटर में लगी भीषण आग की घटना अब और भी दर्दनाक तस्वीर सामने ला रही है. मौके पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अपनी आंखों से चौदह शव देखने की बात कही. साथ ही पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं.

धुएं में दिखाई नहीं दे रहा कुछ

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि बिल्डिंग के अंदर इतना घना धुआं भरा हुआ है कि कुछ भी साफ नजर नहीं आ रहा. उन्होंने कहा कि अंदर रखे लकड़ी के भारी फर्नीचर में आग लगने से धुआं और भी घना हो गया, जिसकी वजह से रेस्क्यू टीमों को बहुत मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है. हर कमरे की एक-एक करके तलाशी ली जा रही है और हर चीज हटाकर जांच की जा रही है. फायर ब्रिगेड के जवान अभी भी बिल्डिंग के अंदर मौजूद हैं और एनडीआरएफ की टीमें भी मौके पर तैनात हैं.

सोलह-सत्रह साल के बच्चे थे

डिप्टी सीएम ने बताया कि यह एक एनिमेशन सेंटर था जहां सोलह से सत्रह साल के बच्चे कार्टून बनाना सीखने आते थे. अब तक तेरह बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है और सभी को इलाज के लिए केजीएमसी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है. उन्होंने कहा कि आग कैसे लगी, इसकी अभी तक कोई पक्की जानकारी नहीं मिली है लेकिन आग अचानक भड़की थी.

जांच के आदेश

पाठक ने कहा कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं. प्रमुख सचिव गृह और डीजीपी को मौके पर बुलाया गया है और उन्हें निर्देश दिया गया है कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जाए और भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए सख्त कदम उठाए जाएं. उन्होंने खुद कहा कि उन्होंने अपनी आंखों से चौदह शव देखे, जो इस हादसे की भयावहता को दर्शाता है.