नोएडा वालों के लिए बड़ी खुशखबरी, मेट्रो की एक्वा लाइन का होगा विस्तार, 3 साल में बनेंगे 10 नए स्टेशन

नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के विस्तार के लिए L&T को 2,500 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है. परियोजना में 15.1 किलोमीटर एलिवेटेड ट्रैक और 10 स्टेशन बनेंगे.

X
Sagar Bhardwaj

नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) ने इस परियोजना के लिए इंजीनियरिंग और निर्माण क्षेत्र की दिग्गज कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) को करीब 2,500 करोड़ रुपये का ऑर्डर दिया है. कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में इसकी पुष्टि की.

इस परियोजना के तहत दो अलग-अलग रूट पर कुल 15.1 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाएगा. इसके साथ 10 नए एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन भी तैयार होंगे. कंपनी को यह काम 36 महीने यानी तीन साल में पूरा करना है.

 दो रूट पर होगा मेट्रो कॉरिडोर का विस्तार

L&T की एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, परियोजना में दो हिस्सों में एलिवेटेड वायाडक्ट का डिजाइन और निर्माण शामिल है. पहला हिस्सा बॉटनिकल गार्डन से नोएडा के सेक्टर-142 तक मेट्रो कॉरिडोर के विस्तार का है. वहीं, दूसरे हिस्से में डिपो स्टेशन से बोराकी तक एलिवेटेड मेट्रो ट्रैक बनाया जाएगा.


दोनों रूट को मिलाकर 15.1 किलोमीटर लंबा ट्रैक तैयार होगा. इसके अलावा 10 नए स्टेशन बनाए जाएंगे. इस विस्तार से नोएडा और आसपास तेजी से विकसित हो रहे शहरी इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है. इससे यात्रियों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी और सार्वजनिक परिवहन का दायरा बढ़ेगा.

दूसरी तिमाही में L&T का राजस्व 16 फीसदी बढ़ा

L&T ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में भी मजबूत प्रदर्शन किया है. कंपनी का राजस्व सालाना आधार पर 16 फीसदी बढ़कर 78,750 करोड़ रुपये पहुंच गया. पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह आंकड़ा 67,984 करोड़ रुपये था. कंपनी के मुताबिक, प्रोजेक्ट्स, प्रोडक्ट्स एंड मैन्युफैक्चरिंग (PPM) पोर्टफोलियो के विभिन्न कारोबारों में बेहतर प्रदर्शन से राजस्व में बढ़ोतरी हुई.

एक तिमाही में मिले 1.47 लाख करोड़ रुपये के ऑर्डर

30 सितंबर 2026 को समाप्त तिमाही में L&T को कुल 1,47,665 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले. यह पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 28 फीसदी अधिक है.

कंपनी को हाइड्रोकार्बन, ऑफशोर और ऑनशोर कारोबार, कार्बनलाइट सॉल्यूशंस, पब्लिक स्पेस, एयरपोर्ट और पावर ट्रांसमिशन एवं डिस्ट्रीब्यूशन जैसे क्षेत्रों से बड़े ऑर्डर मिले. इनमें अंतरराष्ट्रीय बाजार की हिस्सेदारी 63 फीसदी रही. विदेशी बाजारों से कंपनी को 92,375 करोड़ रुपये के ऑर्डर मिले.

8.5 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर ऑर्डर बुक

L&T के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर एसएन सुब्रह्मण्यन ने कहा कि भू-राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद कंपनी ने मजबूत प्रदर्शन किया है. कंपनी ने तिमाही के दौरान अब तक का सबसे ज्यादा ऑर्डर इनफ्लो दर्ज किया.

उन्होंने बताया कि L&T की कुल ऑर्डर बुक बढ़कर रिकॉर्ड 8.5 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गई है. इससे आने वाले वर्षों में कंपनी के कारोबार और राजस्व की संभावनाएं मजबूत हुई हैं. कंपनी आगे भी नवाचार, डिजिटल क्षमताओं और तकनीक आधारित कारोबार में निवेश जारी रखेगी.