नोएडा एयरपोर्ट शुरू होने से पहले प्रशासन अलर्ट, ट्रैफिक और सुरक्षा पर फोकस; लक्ष्मी सिंह ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा और संचालन व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने समीक्षा बैठक की. चलिए जानते हैं उन्होंने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, महिला सुरक्षा, पार्किंग, हेल्प डेस्क और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए क्या निर्देश दिए.
नोएडा: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के जल्द शुरू होने वाले संचालन को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं. इसी क्रम में गौतमबुद्धनगर की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने शुक्रवार को सेक्टर-108 स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की.
बैठक में एयरपोर्ट की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था और यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक के दौरान पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सुचारू और सुरक्षित संचालन के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा.
उन्होंने आगे क्या कहा?
उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट परिसर और उससे जुड़े क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए तथा संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी व्यवस्था विकसित की जाए.
Also Read
- सहारनपुर में दर्दनाक घटना, नानी के साथ सोई थी 17 साल की लड़की; सुबह कमरे में फंदे से लटका मिला शव
- आजमगढ़-गोरखपुर को विकास की बड़ी सौगात, 1250 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं का होगा लोकार्पण
- 'ऑर्डर-ऑर्डर', वीडियो में देखें कैसे जज की कुर्सी पर बैठकर महिला ने किया हंगामा; वाराणसी कोर्ट में मचा बवाल
लक्ष्मी सिंह ने कहा कि किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र को और अधिक मजबूत बनाया जाना चाहिए. इसके लिए पुलिस, प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है. उन्होंने सभी अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर अपनी कार्ययोजनाओं को पूरा करने के निर्देश दिए.
और किन मुद्दों को उठाया?
बैठक में यमुना एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट क्षेत्र में यातायात प्रबंधन को भी प्रमुखता से उठाया गया. पुलिस आयुक्त ने कहा कि एयरपोर्ट तक पहुंचने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए. साथ ही सड़क मार्गों पर सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने और जाम की स्थिति से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं.
अधिकारियों को क्या दिए गए निर्देश?
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग व्यवस्था, सार्वजनिक परिवहन सेवाओं और हेल्प डेस्क संचालन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई. अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं और सभी व्यवस्थाएं समय से पहले तैयार हों.
महिला सुरक्षा को लेकर भी बैठक में विशेष चर्चा हुई. पुलिस आयुक्त ने एयरपोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में महिला सुरक्षा के लिए मजबूत निगरानी व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए. इसके अलावा वीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा मानकों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया.
बैठक में कौन-कौन था मौजूद?
बैठक में अपर पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्र, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं यीडा के नोडल अधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया, डीसीपी साद मियां खान, शैलेन्द्र कुमार सिंह, प्रवीण रंजन सिंह, प्रभारी डीसीपी यातायात अभय कुमार मिश्र और एयरपोर्ट अधिकारी पूनम मिश्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने एयरपोर्ट से संबंधित विभिन्न तैयारियों की जानकारी दी और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की.