15 दिन में तीसरी घटना, नोएडा एक्सप्रेसवे पर आगरा जा रही स्लीपर बस में लगी भीषण आग; यात्रियों ने ऐसे बचाई अपनी जान
ग्रेटर नोएडा-नोएडा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को आगरा जा रही एक स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई. आग ने देखते ही देखते पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया.
ग्रेटर नोएडा-नोएडा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब आगरा की ओर जा रही एक स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस धू-धू कर जलकर खाक हो गई. राहत की बात यह रही कि समय रहते बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
यह घटना ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की बताई जा रही है. बस नोएडा से आगरा की तरफ जा रही थी. इसी दौरान उसमें अचानक आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरी बस आग की लपटों से घिर गई.
आग लगने का कारण
बस में आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां आग बुझाने के काम में जुट गईं. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Also Read
कैसे टला बड़ा हादसा?
हादसे के समय बस में यात्री मौजूद थे. आग लगने के बाद यात्रियों को तुरंत बस से नीचे उतारा गया. समय रहते सभी यात्रियों के बाहर निकल जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया. अगर यात्रियों को बाहर निकलने में देरी होती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी.
15 दिनों में बस में आग की तीसरी घटना
ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों में बसों में आग लगने की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है. जानकारी के मुताबिक, पिछले 15 दिनों में यह तीसरी ऐसी घटना है. इससे पहले 26 सितंबर को ग्रेटर नोएडा में सड़क किनारे खड़ी एक निजी बस में देर रात अचानक आग लग गई थी. उस समय बस के अंदर कोई मौजूद नहीं था, इसलिए किसी तरह की जनहानि नहीं हुई थी. हालांकि, आग में बस पूरी तरह जल गई थी.
यमुना एक्सप्रेसवे पर 9 लोगों की हुई थी मौत
इससे पहले 24 सितंबर को यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती हुई स्लीपर बस में भीषण आग लगने की दर्दनाक घटना सामने आई थी. इस हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई थी. आग लगने के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई थी और कई लोगों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई थी. मामले में पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर को हिरासत में लिया था.