गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान आम लोगों की समस्याएं सुनीं. उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि जनता की हर शिकायत का जल्दी और संवेदनशील तरीके से समाधान किया जाए. कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर प्रवास पर हैं. सुबह गोरखनाथ मंदिर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर जनता दर्शन का आयोजन किया गया. इस दौरान करीब 200 लोगों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की. लोग अपनी-अपनी समस्याएं लेकर आए थे.
CM योगी ने खुद कुर्सियों पर बैठे लोगों के पास पहुंचकर उनकी बातें सुनीं और प्रार्थना पत्र लेकर खड़े अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए. लोगों को आश्वासन देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा- 'चिंता मत करिए. आपकी हर समस्या का समाधान कराया जाएगा. सरकार आपके साथ है.'
उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों को संवेदनशीलता से लेना चाहिए और उन्हें संतुष्ट करने वाला समाधान निकालना चाहिए. जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने आए थे. मुख्यमंत्री ने उन्हें तुरंत भरोसा दिलाया कि धन की कमी के कारण किसी का इलाज नहीं रुकेगा.
एक हृदय रोग से पीड़ित महिला ने अपनी समस्या बताई तो CM योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री राहत कोष से उसे पर्याप्त आर्थिक सहायता दी जाए. भूमि विवादों पर मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सख्ती बरतने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जबरन जमीन कब्जा करने वालों के खिलाफ तुरंत और कड़ी कार्रवाई हो. ऐसे मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाए. अधिकारी त्वरित गति से जांच कर उचित समाधान निकालें.