सड़क हादसे में NIA के डिप्टी एसपी की हुई मौत, दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर कंटेनर में घुसी बाइक
मुरादाबाद में एक सड़क हादसे में एनआईए के डिप्टी एसपी ईशान मेहरा की मौत हो गई है. यह घटना कटघर थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर हुई है.
मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. दरअसल कटघर थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार NIA के डिप्टी एसपी की मौत हो गई है. वहीं उनके साथ उनकी महिला मित्र भी बाइक पर थी जो गंभीर रूप से घायल हो गई हैं. पुलिस हादसे की पूरी जांच कर रही है.
महिला मित्र के साथ बाजपुर जा रहे थे ईशान मेहरा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 32 साल के एनआईए के डिप्टी एसपी ईशान मेहरा पंजाब के मोहाली के रहने वाले थे. ईशान अपनी महिला मित्र के साथ बाइस पर दिल्ली से बाजपुर की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान रात के करिब साढ़े 11 बजे उनकी बाइक उनके आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से उनकी बाइक जाकर घुस गई. यह टक्कर इतनी जोरदार थी की दोनों ही बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए.
यह पूरी घटना कटघर थाना इलाके के देवापुर गांव के पास हुई थी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल लेकर पहुंची जहां डॉक्टरों ने ईशान को मृत घोषित कर दिया. वहीं महिला का ईलाज किया जा रहा है. पोस्टमार्टम के बाद परिजन ईशान के शव को अपने साथ ले गए हैं. परिवार में मातम का माहौल है.
Also Read
सिटी एसपी ने दी जानकारी
सिटी एसपी कुमार रणविजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि ईशान मेहरा दिल्ली NIA ऑफिस में डिप्टी एसपी थे. इसके साथ ही उन्होंने बताया कि घटना कैसे हुई इसकी पूरी जांच की जा रही है. पुलिस हर पहलू से हादसे की जांच में जुटी हुई है. ईशान के शरीर के पोस्टमार्टम के बाद परिजन उनकी बॉडी को अपने साथ ले गए हैं. इस घटना के बाद से ईशान के परिवार में मातम पसर गया है.